कई बार चलते-फिरते समय घुटनों से कट-कट आवाज आती है। हालांकि, बढ़ती उम्र में चलते समय घुटनों से आवाज आना एक आम समस्या है, क्योंकि जैसे-जैसे उम्र बढ़ने लगती है वैसे-वैसे खानपान से लेकर लाइफस्टाइल में बदलाव होने लगता है और शरीर भी कमजोर होने लगता है। इसके अलावा कई बार शरीर में पोषक तत्वों की कमी होने के कारण भी ऐसा होता है। यह समस्या कार्टिलेज घिसने या फिर ठीक से काम नहीं करने से होती है। अरुणा आसफ अली, दिल्ली, हड्डी रोग विशेषज्ञ, डॉक्टर कृषित पटेल ने बताया कि घुटनों से क्यों कट-कट की आवाज आती है और इससे कैसे बचाव किया जा सकता है।
डॉ. कृषित पटेल ने बताया कि घुटनों से कट-कट की आवाज आना एक आम समस्या है, जो कई कारणों से हो सकती है। जिनमें सामान्य प्रक्रियाएं और गंभीर समस्याएं भी शामिल हैं। हालांकि, इस समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है, बस इसके लिए खानपान से लेकर लाइफस्टाइल में कुछ बदलाव करने होंगे।
जोड़ों में हवा के बुलबुले
घुटने के जोड़ में साइनोवियल द्रव होता है, जिसमें गैस के छोटे बुलबुले हो सकते हैं। जब आप चलते हैं या घुटने को मोड़ते हैं, तो ये बुलबुले फट सकते हैं, जिससे कट-कट की आवाज आती है। यह आमतौर पर सामान्य और हानिरहित होता है।
घुटनों में घर्षण
जब घुटनों के जोड़ों में घर्षण बढ़ता है, तो इससे कट-कट की आवाज आ सकती है। यह घर्षण उम्र बढ़ने, जोड़ों की खराबी या अन्य कारणों से हो सकता है।
कार्टिलेज की खराबी
कार्टिलेज घुटनों के जोड़ों को चिकना और लचीला बनाता है। जब कार्टिलेज खराब होता है, तो इससे घुटनों में कट-कट की आवाज आ सकती है। उम्र बढ़ने या चोट के कारण घुटने का कार्टिलेज घिस सकता है, जिससे हड्डियां आपस में रगड़ खाती हैं। यह ऑस्टियोआर्थराइटिस का लक्षण हो सकता है और इसमें दर्द या अकड़न भी हो सकती है।
लिगामेंट्स या टेंडन्स का खिंचाव
घुटने के आसपास के लिगामेंट्स या टेंडन्स हड्डियों पर रगड़ खा सकते हैं, जिससे हल्की आवाज उत्पन्न हो सकती है। यह भी सामान्य हो सकता है, खासकर अगर दर्द या सूजन न हो।
मेनिस्कस की चोट
मेनिस्कस घुटनों के जोड़ों में एक गद्देदार संरचना है। जब मेनिस्कस में चोट लगती है, तो इससे कट-कट की आवाज आ सकती है।
घुटनों से कट-कट की आवाज से कैसे करें बचाव?
व्यायाम और स्ट्रेचिंग
क्वाड्रिसेप्स और हैमस्ट्रिंग को मजबूत करने वाले व्यायाम करें, जैसे लेग रेज या स्क्वाट्स (डॉक्टर की सलाह से)। नियमित स्ट्रेचिंग से जोड़ों में लचीलापन बना रहता है।
वजन कंट्रोल करें
अधिक वजन होने से घुटनों पर अतिरिक्त दबाव पड़ता है, जिससे कट-कट की आवाज आ सकती है। इसके चलते कार्टिलेज घिस सकता है। ऐसे में घुटनों की कट-कट से राहत पानी है तो वजन को कंट्रोल में रखें।
खानपान का ध्यान रखें
कई बार शरीर में पोषक तत्वों की कमी होने के कारण भी घुटनों से कट-कट की आवाज आती है। ऐसे में खानपान का ध्यान रखें और पोषण तत्वों से भरपूर फूड्स ही खाएं। जैसे- कैल्शियम, विटामिन D और ओमेगा-3 से भरपूर आहार (दूध, मछली, हरी सब्जियां) लें। कोलेजन और ग्लूकोसामाइन सप्लीमेंट्स (डॉक्टर की सलाह से) जोड़ों के लिए फायदेमंद हो सकते हैं।
वहीं, NCBI में प्रकाशित एक शोध के मुताबिक, लिवर को हेल्दी रखने के लिए विटामिन ए और विटामिन डी की पर्याप्त मात्रा शरीर में जरूर होनी चाहिए।
