Muscle Cramps: सर्दियों के मौसम में मांसपेशियों में दर्द और अकड़न की शिकायत आम हो जाता है। कई बार मांसपेशियों में दर्द और अकड़न की समस्या ज्यादा हो जाती है जिससे कामकाज भी प्रभावित होने लगता है, लेकिन क्या आप जानते हैं ऐसा क्यों होता है और इससे छुटकारा पाने के लिए क्या करना चाहिए। हालांकि, इस समस्या को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। रामहंस चैरिटेबल हॉस्पिटल के आयुर्वेदिक डॉक्टर श्रेय शर्मा ने इस संबंध में जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि सही हाइड्रेशन, संतुलित आहार और फिजिकल एक्टिविटी को अपने डेली रूटीन में शामिल करने से इस समस्या को कंट्रोल किया जा सकता है।
मांसपेशियों में दर्द क्यों होता है?
- डिहाइड्रेशन
- ज्यादा वजन
- पोषक तत्वों की कमी
- ज्यादा एक्सरसाइज
डिहाइड्रेशन
शरीर में पानी की कमी से मांसपेशियों में ऐंठन हो सकती है। इसके अलावा सर्दियों के मौसम में ठंड का कारण भी ऐसा हो सकता है। पसीने के माध्यम से शरीर से इलेक्ट्रोलाइट्स यानी सोडियम, पोटेशियम, मैग्नीशियम की कमी से मांसपेशियां ठीक से काम नहीं कर पाती, जिससे ऐंठन होती है।
ज्यादा वजन
जिन लोगों का वजन ज्यादा होता है उन्हें भी मांसपेशियों में दर्द और अकड़न की शिकायत रहती है, क्योंकि मोटे लोगों के शरीर में मांसपेशियां कम होती हैं और उसके मुकाबले शरीर का वजन ज्यादा होता है।
पोषक तत्वों की कमी
शरीर में पोषक तत्वों की कमी के चलते भी मांसपेशियों में ऐंठन की समस्या हो सकती है। ऐसा कैल्शियम, पोटेशियम और मैग्नीशियम जैसे आवश्यक पोषक तत्वों की कमी से हो सकता है।
ज्यादा एक्सरसाइज
एक्सरसाइज करना वैसे तो स्वास्थ्य के लिए बहुत ही फायदेमंद होता है, लेकिन ज्यादा एक्सरसाइज करना से मांसपेशियों पर अत्यधिक दबाव पड़ता है। लंबे समय तक व्यायाम करने से मांसपेशियां थक सकती हैं, जिससे ऐंठन हो सकती है।
मांसपेशियों के दर्द से कैसे पाएं राहत?
- मांसपेशियों में दर्द के लिए सरसों और तिल का तेल से मालिश फायदेमंद होती है।
- तिल के तेल में अजवाइन मिलाकर भी आप मालिश कर सकते हैं।
- खाने में फैट की मात्रा कम करें और प्रोटीन की मात्रा को बढ़ाएं।
- प्रोटीन का सेवन शरीर में मसल्स बनने में मदद करेगा।
- मांसपेशियों पर गर्म पानी की बोतल या ठंडे पैक का इस्तेमाल करने से ऐंठन में राहत मिलती है।
- नियमित रूप से स्ट्रेचिंग करने से मांसपेशियां लचीली रहती हैं और ऐंठन का जोखिम कम होता है।
