Diabetes Remedies: डायबिटीज एक लाइलाज बीमारी है जिसमें मरीजों को अपने ब्लड शुगर लेवल को नियंत्रित रखना बहुत जरूरी होता है। अगर लोगों का शुगर लेवल हाई हो जाता है तो उन्हें कई दूसरी परेशानियां भी होने लगती हैं। रक्त शर्करा के अनियंत्रित होने से मरीजों में हृदयरोग, रक्तचाप, स्ट्रोक जैसी गंभीर बीमारियों का खतरा बढ़ता है। एक सर्वे के अनुसार देश में डायबिटीज के 75 फीसदी से अधिक मरीजों में शुगर का स्तर अनियंत्रित रहता है। ऐसे में आइए जानते हैं कुछ घरेलू उपाय जो अचानक शुगर लेवल बढ़ जाने पर लोग इस्तेमाल कर सकते हैं –
पीयें ग्रीन टी: शुगर लेवल को कंट्रोल करने में ग्रीन टी सहायक होता है, इसमें मौजूद एंटी-ऑक्सीडेंट्स डायबिटीज रोगियों के लिए लाभकारी सिद्ध होते हैं। बताया जाता है कि ग्रीन टी पॉलीफेनॉल का बेहतरीन स्रोत होता है जो रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में मददगार साबित होता है। इसे मरीज सुबह-शाम पी सकते हैं।
जामुन: जामुन के पत्ते और बीज शुगर का इलाज करने में कारगर हैं। इसमें प्रचुर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं जो शुगर कंट्रोल करने में सहायक हैं। इसे एंटी-डायबिटिक फूड्स की श्रेणी में रखा जाता है। जामुन के सूखे हुए बीजों को पीस लें। इस पेस्ट का दिन में 2 बार सेवन करें। डॉक्टर्स बताते हैं कि सुबह खाली पेट इसका सेवन करना लाभकारी होगा।
दालचीनी: शुगर के मरीजों के लिए दालचीनी का सेवन भी असरदार होता है। इंसुलिन सेंसिटिविटी को बढ़ाने में भी दालचीनी का प्रयोग प्रभावी साबित होता है। ये रक्त शर्करा के स्तर को नियंत्रित करने में मददगार है। आप दालचीनी पाउडर और नींबू से बने ड्रिंक का सेवन करें। इसके अलावा, इस चूर्ण से बनी चाय या काढ़ा का सेवन भी लाभकारी है।
मेथी के बीज: मेथी के बीज ब्लड में ग्लूकोज के लेवल को काबू करने में मददगार है। जो लोग नियमित रूप से इसका सेवन करते हैं, उनके शुगर का स्तर नियंत्रित रहता है। रात भर मेथी दाने को पानी में भिगोए रखें और सुबह खाली पेट इसे छानकर पीयें।
एक्सरसाइज: हेल्दी वेट मेंटेन करने और डायबिटीज के खतरे को कम करने में व्यायाम भी अहम भूमिका निभाते हैं। ब्लड शुगर के स्तर को काबू करने के लिए नियमित एक्सरसाइज करना बहुत जरूरी है। स्वास्थ्य विशेषज्ञ मानते हैं कि एरोबिक्स एक्सरसाइज डायबिटीज रोगियों के लिए फायदेमंद है। साथ ही, पैदल चलने से भी शुगर लेवल कंट्रोल रहता है।