हमारी बदलती जीवनशैली और बिगड़ता खानपान हमें कम उम्र में ही तरह-तरह की बीमारियों का शिकार बना रहा है। इन्हीं खराब आदतों में से एक है सिगरेट पीना, जो शरीर को तेजी से बीमारियों की चपेट में ले आती है। कुछ लोग दिनभर सिगरेट पीते रहते हैं और हद तो तब होती है जब यह आदत रात को भी उनका पीछा नहीं छोड़ती। नाइट शिफ्ट करने वाले, देर रात पढ़ाई करने वाले या काम निपटाने वाले लोग अक्सर सिगरेट को दिमाग चार्ज करने का साधन मान लेते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि नींद की कमी और स्मोकिंग का यह कॉम्बिनेशन आपकी सेहत पर दोहरा वार करता है? यह मेल आपकी सेहत के लिए बेहद नुकसानदायक साबित हो सकता है।

रातभर जागने के बाद शरीर पूरी तरह थक जाता है। इस दौरान मानसिक थकान, चिड़चिड़ापन और ध्यान में कमी हो जाती है। ऐसे में कई लोग जागे रहने के लिए सिगरेट का सहारा लेते हैं जो सेहत के लिए हानिकारक है। अब सवाल ये उठता है कि नींद की कमी होने पर सिगरेट पीना सेहत के लिए कैसे खतरनाक साबित होता है।

नींद न पूरी होने पर सिगरेट क्यों है खतरनाक?

आजकल लोग इतनी ज्यादा भागदौड़ कर रहे हैं कि दिन और रात का फासला भी कम होता जा रहा है। रात में लोग नाइट शिफ्ट करते हैं, रात में पढ़ाई करते हैं और देर रात जागना तो लोगों की आदत बन गई है। रात को जागने वाले लोग अक्सर रात में चाय और सिगरेट का सहारा लेते हैं। कुछ लोग तो ऐसे हैं कि जिन्हें रात में नींद नहीं आती तो तुरंत सिगरेट सुलगा लेते हैं। सिगरेट थोड़ी देर के लिए राहत देती है, नसों को ढीला करती है, दिमाग को जगाती है और काम को थोड़ा आसान बनाती है।

पल्मोनोलॉजिस्ट और वेलनेस होम क्लिनिक, पश्चिम विहार में डॉ. विकास मित्तल ने बताया सिगरेट में निकोटिन होता है जो डोपामाइन रिलीज करता है जिसे हैप्पी हार्मोन’ कहते हैं। यह तनाव घटाता है और थोड़ी देर की राहत देता है, लेकिन जैसे ही डोपामाइन का स्तर गिरता है, थकान और तनाव वापस आ जाता है। डॉक्टर ने बताया इससे एक सिगरेट के बाद दूसरी की इच्छा पैदा होती है और यह चक्र लगातार चलता रहता है।

अक्सर लोगों को लगता है कि सिगरेट आपको जागरूक रख रही है, लेकिन वास्तव में यह एड्रेनालिन का असर है। सिगरेट पीने से पल्स रेट बढ़ जाती है जिससे शरीर और फेफड़ों में सूजन बढ़ती है जो आगे जाकर फेफड़ों की बीमारियों का कारण बन सकती है।

रात में सिगरेट कैसे सेहत को नुकसान पहुंचाती है?

डॉ. मित्तल ने बताया आप रात में जागते हैं और स्मोकिंग करते हैं तो आपकी सेहत पर डबल वार होता है। नींद की कमी और धूम्रपान दोनों शरीर में सूजन (inflammation) बढ़ाते हैं। थका हुआ शरीर इसे सहन नहीं कर पाता। इम्यूनिटी कम होती है, संक्रमण का खतरा बढ़ता है और थकान और गहरी हो जाती है। अगर आप नींद न पूरी होने की स्थिति में सिगरेट पीते हैं तो आपकी इम्यूनिटी और भी कमजोर हो जाती है। ऐसे में सर्दी, फ्लू और संक्रमण का जल्दी शिकार होते हैं।  अगर कोई पहले से धूम्रपान करता है, तो निकोटिन की लत और बढ़ जाती है। धीरे-धीरे थकान और सिगरेट का चक्र एक आदत में बदल सकता है।

बगल, गर्दन और कोहनियों के आसपास दिखते हैं Pre-diabetes के लक्षण, लेकिन ये 5 उपाय प्री-डायबिटीज को कर सकते हैं रिवर्स, पूरी जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।