गर्मियों के मौसम में खानपान से लेकर लाइफस्टाइल का बहुत ध्यान रखना पड़ता है, क्योंकि गर्मियों में शरीर को ठंडक चाहिए होती है और अक्सर लोग ऐसा खाना खाते हैं जो सेहत को फायदे कम नुकसान अधिक पहुंचाते हैं। इसके अलावा डिहाइड्रेशन का खतरा अधिक बना रहा है। ऐसे में गर्मी में शरीर को पानी की अधिक आवश्यकता होती है। अमेरिकन कॉलेज ऑफ कार्डियोलॉजी की रिपोर्ट के मुताबिक, किशमिश में एंटीऑक्सीडेंट और आयरन अच्छी मात्रा में होता है। जिससे हार्ट की हेल्थ अच्छी रहती है और शरीर में खून की कमी भी नहीं होती है।

भीगे हुए किशमिश शरीर की गर्मी को शांत करने में मदद कर सकते हैं। आयुर्वेद और न्यूट्रिशन दोनों के अनुसार, किशमिश में मौजूद प्राकृतिक मिठास, एंटीऑक्सिडेंट्स और पोटैशियम शरीर को ठंडक देने और डिटॉक्स करने में सहायक होते हैं। मणिपाल हॉस्पिटल, गाजियाबाद में हेड ऑफ न्यूट्रिशन और डाइटेटिक्स डॉ. अदिति शर्मा ने किशमिश के फायदे बताए हैं।

डॉ. अदिति शर्मा के मुताबिक, गर्मियों में शरीर को ठंडक देने वाले फूड्स खाने जरूरी होते हैं। गर्मियों में शरीर काफी हद तक डिहाइड्रेट हो जाता है। इससे कुछ लोगों को चक्कर भी आ सकता है। ऐसे में शरीर को हाइड्रेटेड रखने के लिए किशमिश बहुत ही फायदेमंद हो सकती है। इसे रातभर भिगोकर सुबह खाने से इसके पोषक तत्व दोगुना असर दिखाते हैं। भीगी हुई किशमिश आयरन, फाइबर, एंटीऑक्सीडेंट, विटामिन और मिनरल्स से भरपूर होती है, जो शरीर को एनर्जी देने के साथ कई बीमारियों से बचाती है। भिगोई किशमिश खाने से पाचन से लेकर हड्डियों तक को मजबूती मिलती है।

शरीर को ठंडक मिलेगी

गर्मियों में भीगे हुए किशमिश खाने से शरीर को ठंडा रखने में मदद मिल सकती है। शरीर की गर्मी नहीं बढ़ती। भीगी हुई किशमिश खाने से शरीर से विषाक्त पदार्थ यानी टॉक्सिन बाहर निकालने में मदद मिलती है। यह शरीर को हाइड्रेटेड रखने में भी मदद करती है।

पाचन तंत्र अच्छा होगा

गर्मियों में कई लोग कब्ज से पीड़ित होते हैं। उनके लिए भिगोई हुई किशमिश बहुत फायदेमंद हो सकती है। इसमें मौजूद फाइबर पाचन में मदद करता है। पाचन क्रिया को बेहतर बनाने और कब्ज को रोकने के लिए किशमिश को रातभर भिगोकर सुबह खाना लाभकारी होता है। यह एसिडिटी और अपच जैसी पेट की समस्याओं को ठीक करने में भी मदद करती है।

हीमोग्लोबिन लेवल बढ़ेगा

किशमिश में आयरन और कॉपर भरपूर मात्रा में होता है। इससे हीमोग्लोबिन का लेवल बढ़ेगा। यह लाल रक्त कोशिकाओं के उत्पादन को बढ़ाने और हीमोग्लोबिन के स्तर को बढ़ाने में मदद करती है।

हार्ट हेल्थ बेहतर होगी

भीगी हुई किशमिश दिल के स्वास्थ्य के लिए फायदेमंद हो सकती है। यह ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने और कोलेस्ट्रॉल को कम करने में मदद करती है, जिससे दिल की बीमारियों का खतरा कम हो सकता है। किशमिश में मौजूद पोटैशियम दिल की सेहत को बेहतर बनाने में मदद करता है।

हड्डियां मजबूत

अरिगा फूड्स नामक संस्था की रिपोर्ट के मुताबिक, किशमिश में बोरोन, कैल्शियम और मैग्नीशियम जैसे मिनरल्स अच्छी मात्रा में होते हैं, जो हड्डियों को मजबूत बनाते हैं। यह ऑस्टियोपोरोसिस यानी हड्डियों की कमजोरी को रोकने में मदद करता है। इसके सेवन से जोड़ों के दर्द और गठिया में भी राहत मिलती है।

वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।