Cranberry Benefits: क्रैनबेरी एक छोटा, गोल और खट्टा फल होता है जिसका रंग लाल होता है। इसका सेवन उबालकर या फिर कच्चा किया जाता है। अक्सर क्रैनबेरी का सेवन उसका जूस, जैम, सॉस और सूखे रूप में होता है। क्रैनबेरी फल का स्वाद तीखा और खट्टा होता है। इसके तीखे और खट्टे स्वाद की वजह से इसे सीधे खाना थोड़ा मुश्किल होता है इसलिए लोग इसका सेवन शहद, चीनी और दूसरी मीठी सामग्री के साथ मिलाकर करते है। क्रैनबेरी में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें भरपूर विटामिन C, एंटीऑक्सीडेंट और फाइबर मौजूद होता हैं जो इम्यूनिटी को मजबूत करता है और बीमारियों से बचाव करता है।

एक कप कच्चे क्रैनबेरी में मौजूद पोषक तत्वों की बात करें तो इसमें  46 कैलोरी, 0 ग्राम वसा, 12 ग्राम कार्बोहाइड्रेट,4 ग्राम फाइबर,4 ग्राम चीनी, 1 ग्राम प्रोटीन और 2 मिलीग्राम सोडियम मौजूद होता है जो बॉडी को फायदा पहुंचाता है। जब क्रैनबेरी को सुखाया जाता है तो उनमें से अधिकांश विटामिन खत्म हो जाते हैं, लेकिन पोटैशियम और कैल्शियम जैसे पोषक तत्व बरकरार रहते हैं।

वेबएमडी के मुताबिक क्रैनबेरी में कैंसर से लड़ने वाले कई एंटीऑक्सीडेंट भी होते हैं। क्रैनबेरी में शक्तिशाली यौगिक फ्री रेडिकल्स से बचाव करते हैं। इनका सेवन करने से डायबिटीज, दिल के रोग और कैंसर जैसी बीमारियों से बचाव होता है। हालांकि क्रैनबेरी में कुछ एंटीऑक्सीडेंट की प्रभावशीलता की पुष्टि करने के लिए और अधिक रिसर्च की जरूरत है। आइए जानते हैं कि क्रैनबेरी का सेवन करने से सेहत पर कैसा असर होता है।

पाचन रहता है दुरुस्त

क्रैनबेरी में फाइबर की मात्रा भरपूर होती है जो पाचन तंत्र को दुरुस्त करती है। इसका सेवन करने से कब्ज का इलाज होता है और आंतों की सेहत दुरुस्त रहती है। ये फल आंतों में जमा गंदगी को साफ करता है। अगर आप रोजाना इस फल को खाएं तो आंतों में गुड बैक्टीरिया बढ़ेंगे और आपकी गट हेल्थ में सुधार होगा।

विटामिन C जो सेहत के लिए है जरूरी

क्रैनबेरी में विटामिन C मौजूद होता है जो इम्यूनिटी को मजबूत करता है। इसका सेवन करने से संक्रमण से बचाव होता है और बॉडी हेल्दी रहती है। क्रैनबेरी का सेवन करने से स्किन हेल्दी रहती है और हड्डियां मजबूत होती है। ये फल ब्लड वैसल्स को हेल्दी रखने में मदद करता है।

यूरीनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन (UTI) से करता है बचाव

क्रैनबेरी में एंटीऑक्सीडेंट मौजूद होते हैं जो UTI से बचाव करते हैं।  बैक्टीरिया को यूरिनरी ट्रैक्ट में बढ़ने से रोक सकते हैं, जिससे UTI के खतरे को कम किया जा सकता है। कई अध्ययन बताते हैं कि क्रैनबेरी जूस UTI के उपचार में सहायक हो सकता है।

ओरल हेल्थ में होता है सुधार

क्रैनबेरी आपकी ओरल हेल्थ को दुरुस्त करने में बेहद असरदार साबित होती है। ये आपके मुंह में एसिड की मात्रा को कम करता हैं और इसे दांतों से चिपकने से रोकता हैं। इस फल में ऐसे रसायन होते हैं जो बैक्टीरिया को दांतों पर जमा होने से रोकते हैं। यह कैविटी, मसूड़ों की बीमारी, दांतों की सड़न और यहां तक कि मुंह के कैंसर को रोकने में मदद कर सकता है।

दिल रहता है हेल्दी

क्रैनबेरी का सेवन करने से कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है और दिल की सेहत दुरुस्त रहती है। रोजाना इस फल को खाने से दिल की बीमारियों का खतरा टलता है।

सूजन होती है कंट्रोल

क्रैनबेरी में एंटीऑक्सीडेंट होते हैं जो शरीर में सूजन को कंट्रोल करने में मदद करते हैं। ये शरीर का फ्री रेडिकल्स से बचाव करते हैं जो उम्र बढ़ने और कई बीमारियों का कारण बन सकते हैं।

किडनी की हेल्थ में होता है सुधार

क्रैनबेरी किडनी की सेहत को भी दुरुस्त करती है। अगर इस फल को रोज खाएं तो ये किडनी स्टोन बनने की प्रक्रिया को धीमा करता है।

गर्मी में दिन की शुरुआत करें नारियल पानी से, बॉडी रहेगी हाइड्रेट, दिल और किडनी की हेल्थ में होगा सुधार। नारियल पानी के बारे में पूरी जानकारी हासिल करने के लिए लिंक पर क्लिक करें।