महिलाएं दोहरी जिंदगी निभाती हैं। कमाती भी हैं और घर भी चलाती हैं। महिलाओं की मसरुफियत ज्यादा है जिसकी वजह से वो अपनी पर्सनल लाइफ को पूरी तरह नजरअंदाज कर देती हैं। सेक्सुअल हेल्थ को लेकर आज भी महिलाओं में शर्म और चुप्पी कायम है। अपनी कई पर्सनल प्रोब्लम को महिलाएं किसी के साथ शेयर नहीं करती और चुपचाप दर्द और परेशानी झेलती रहती हैं। अक्सर देखा गया है कि महिलाएं प्रेग्नेंसी के दौरान ही स्त्री रोग विशेषज्ञ के पास जाती हैं। महिलाएं वजाइनल और सेक्सुअल हेल्थ को लेकर चुप्पी साधे रखती हैं जिसकी वजह से उनकी बॉडी में परेशानियां बढ़ने लगती हैं।
वजाइनल इंफेक्शन,पीरियड पेन और सेक्सुअल समस्याएं जिसे स्त्री रोग विशेषज्ञ को अगर तुरंत नहीं दिखाया जाए तो परेशानी बढ़ सकती है। अगर महिलाएं अपनी बॉडी में होने वाले बदलाव और परेशानियों को समझ लें और तुरंत इलाज कर लें तो स्थिति को गंभीर होने से रोक सकते हैं। आइए जानते हैं कि महिलाओं की बॉडी में कौन-कौन से बदलाव दिखने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाने की जरूरत होती है।
अनियामित पीरियड को नहीं करें नज़रअंदाज
अगर आप अपने पीरियड में कुछ बदलाव महसूस करती हैं जैसे पीरियड में अनियमितता, ज्यादा ब्लीडिंग होना, लम्बे समय तक ब्लीडिंग होना,पीरियड में देरी होना तो यह गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का संकेत हो सकता है। पीरियड में दिखने वाले इस बदलाव को नजरअंदाज नहीं करें बल्कि तुरंत डॉक्टर के पास जाएं। यह परेशानी हार्मोनल असंतुलन, पॉलीसिस्टिक ओवरी सिंड्रोम ,थायरॉयड या प्रजनन प्रणाली की समस्याएं हो सकती हैं। तुरंत आप स्त्री रोग विशेषज्ञ को दिखाएं और इलाज कराएं।
पेल्विक पेन या फिर बेचैनी होना
अगर आप लम्बे समय से पेल्विक पेन से परेशान हैं और ये परेशानी दूर नहीं हो रही तो आप तुरंत स्त्री रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। पीरियड या शारीरिक संबंध के दौरान लगातार पेल्विक दर्द होना एंडोमेट्रियोसिस, पेल्विक इंफ्लेमेटरी डिजीज,फाइब्रॉएड या ओवरी में सिस्ट जैसी समस्याओं का संकेत दे सकता है। स्थिती को गंभीर होने से बचाना चाहते हैं तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं।
असामान्य वजाइनल डिस्चार्ज
नेचुरल वजाइनल डिस्चार्ज होता है तो कोई परेशानी की बात नहीं है, लेकिन जब डिस्चार्ज का रंग और गंध में बदलाव हो जाए तो तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। वजाइनल डिस्चार्ज में होने वाले ये बदलाव वजाइनल pH balance के लिए अच्छे नहीं है। वजाइनल डिस्चार्ज कई तरह के संक्रमण के संकेत हैं जैसे बैक्टीरियल संक्रमण,बैक्टीरियल वेजिनोसिस या सेक्सुअल ट्रांसमिटेड इंफेक्शन होने का संकेत हो सकते हैं। बैक्टीरियल वेजिनोसिस के कारण डिस्चार्ज में मछली जैसी गंध आती है और डिस्चार्ज भूरे-सफेद रंग का हो सकता है। समस्या को बढ़ने से रोकने के लिए स्त्री रोग विशेषज्ञ से सलाह लें।
शारीरिक संबंध बनाने में हो सकती है समस्या
यदि आपको शारीरिक संबंध बनाने के दौरान दर्द,असुविधा या किसी यौन स्वास्थ्य संबंधी समस्या को महसूस कर रहे हैं तो तुरंत स्त्री रोग विशेषज्ञ को दिखाएं।
यूरिनरी ट्रैक में हो सकती है परेशानी
अगर आप यूरिनरी ट्रैक के आस-पास खुजली और जलन महसूस करती हैं तो आप तुरंत स्त्री रोग विशेषज्ञ को दिखाएं। ये लक्षण सामान्य, साधारण संक्रमण से लेकर गंभीर भी हो सकते हैं जिसका इलाज एंटीबायोटिक दवाओं से किया जा सकता है। तुरंत अपनी डॉक्टर को दिखाएं राहत मिलेगी।