सत्तू पीना सेहत के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। खासकर प्रोटीन के विकल्प में लोग सत्तू पीना ज्यादा पसंद करते हैं। इसके अलावा ये बॉडी को ठंडा रखने में भी मदद करता है। हालांकि, इम तमाम फायदों के बावजूद कई बार लोग सत्तू पीने से पेट खराब होने की शिकायत से परेशान रहने लगते हैं। अगर आप भी इन्हीं लोगों में से एक हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। यहां हम आपको इसके पीछे के कारण और सत्तू का सेवन करने का सही तरीका बता रहे हैं। आइए समझते हैं इस बारे में विस्तार से-
मामले को लेकर पोषण विशेषज्ञ सोनिया नारंग ने हाल ही में अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर किया है। इस वीडियो में न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं, ‘सत्तू का सेवन आपको एक साथ कई फायदे पहुंचा सकता है। ये बेहद हेल्दी ड्रिंक है। खासकर अगर आप अपने प्रोटीन इंटेक को पूरा करना चाहते हैं, तो सत्तू को डाइट का हिस्सा बना सकते हैं।’
न्यूट्रिशनिस्ट बताती हैं, ‘100 ग्राम सत्तू से आपको 25 ग्राम तक प्रोटीन मिल जाता है। ऐसे में ये व्हे प्रोटीन का बेहतरीन विकल्प हो सकता है। हालांकि, अगर आप सही तरीके से इसका सेवन नहीं करते हैं, तो इससे आपको कुछ नुकसान भी झेलने पड़ सकते हैं।’
सेहत को कैसे नुकसान पहुंचा सकता है सत्तू?
पोषण विशेषज्ञ के मुताबिक, सत्तू में प्रोटीन के साथ-साथ फाइबर की भी अच्छी मात्रा होती है। 100 ग्राम सत्तू लेने से आपको 15 ग्राम फाइबर मिल जाता है। वहीं, हमारी बॉडी को एक दिन में केवल 30 ग्राम फाइबर की जरूरत होती है। ऐसे में अगर आप एक ही बार में 15 ग्राम फाइबर केवल सत्तू का सेवन कर ले लेते हैं, तो आपका पेट इसे ठीक ढंग से पचा नहीं पाता है। ऐसे में आपको डायरिया, पेट में दर्द, ऐंठन या उल्टी-मतली जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।’
फिर क्या है सत्तू पीने का सही तरीका?
सोनिया नारंग के मुताबिक, सत्तू से मिलने वाले तमाम फायदों को पाने के लिए एक ही बार में इसका सेवन करने से बचें। इससे अलग आप दिनभर में थोड़े-थोड़े समय के अंतराल में इसका सेवन कर सकते हैं। इससे आपकी बॉडी इसे बेहतर ढंग से पचा पाएगी।