Year Ender 2024: साल 2024 खत्म होने में अब बस कुछ ही दिन बचे हैं। हेल्थ और पोषण के लिहाज से साल 2024 जागरूकता वाला रहा। इस साल लोगों ने खानपान और पोषण संबंधी जानकारी हासिल करने के लिए गूगल पर सर्च के नए रिकॉर्ड बनाए। Google ट्रेंड्स की रिपोर्ट के अनुसार, मैग्नीशियम, विटामिन डी, जिंक और ओमेगा-3 फैटी एसिड जैसे पोषक तत्वों के बारे में सबसे ज्यादा सर्च किया गया। चलिए आपको बताते हैं इनके क्या फायदे हैं?
2024 में सबसे ज्यादा सर्च किए जाने वाले पोषक तत्व
पुणे स्थित स्वास्थ्य और कल्याण मंच, iThrive सीईओ और संस्थापक, फंक्शनल न्यूट्रिशनिस्ट मुग्धा प्रधान ने 2024 में सबसे अधिक सर्च किए जाने वाले स्वास्थ्य पोषक तत्वों के बारे में जानकारी और इनके फायदे बताए हैं। इस साल विटामिन बी 12, जिंक, ओमेगा-3 फैटी एसिड, मैग्नीशियम और विटामिन डी को सबसे अधिक सर्च किया गया।
जिंक
मुग्धा ने बताया कि जिंक स्वास्थ्य के लिए बहुत असरदार पोषक तत्व है। यह त्वचा के स्वास्थ्य और घाव भरने के लिए बहुत जरूरी है। इसे इम्यूनिटी बूस्टर भी माना जाता है, क्योंकि ये आम बीमारियों से बचाता है। हालांकि, जिंक पहले इतनी चर्चा में नहीं रहा, लेकिन कोविड 19 के दौरान इम्यूनिटी बूस्ट करने के लिए सर्च किए जाने वाले पोषक तत्वों में से एक बन गया।
ओमेगा-3 फैटी एसिड
इस साल गुगल पर ओमेगा-3 फैटी एसिड को भी सबसे ज्यादा सर्च किया गया। ये क्रोनिक सूजन और ऑक्सीडेटिव तनाव से निपटने के लिए बहुत असरदार होता है। ओमेगा-3 फैटी एसिड शरीर में एक्टिव और तंदुरुस्ती बनाए रखने में लाभकारी होता है। यह हृदय रोग के खतरे को कम करने में मदद करता है। यह ट्राइग्लिसराइड लेवल को कम करता है और गुड कोलेस्ट्रॉल (एचडीएल) को बढ़ाता है। इसके अलावा यह कई बीमारियों से राहत पाने के लिए भी असरदार होता है।
विटामिन डी
2024 में विटामिन डी को लेकर भी बहुत सर्च किया गया। इसकी वजह थी इसकी इम्यूनिटी बूस्टिंग क्षमता और हड्डियों के स्वास्थ्य में इसकी अहम भूमिका। विटामिन डी हड्डियों की समस्याओं, थकान और डिप्रेशन जैसी स्थितियों में असरदार होता है। विटामिन डी सूरज की रोशनी यानी धूप, मछली, अंडे और दूध से शरीर को मिलता है। विटामिन डी की सही मात्रा होने पर हड्डियां और दांत मजबूत होते हैं। इसके अलावा फेफड़ों की कार्यक्षमता और हृदय स्वस्थ के लिए भी यह बहुत लाभकारी है।
मैग्नीशियम
मसल्स क्रैंप और नींद की समस्याओं में निजात पाने के लिए मैग्नीशियम बहुत उपयोगी होता है। हरी पत्तेदार सब्जियां, नट्स और साबुत अनाज में मैग्नीशियम भरपूर मात्रा में मिलता है। हालांकि, मैग्नीशियम शरीर के हर अंग को स्वस्थ रखने में मदद करता है, खास तौर पर दिल, मांसपेशियों और गुर्दे के लिए बहुत असरदार होता है। यह शरीर में कैल्शियम, तांबा, जस्ता, पोटैशियम, विटामिन डी और दूसरे महत्वपूर्ण पोषक तत्वों के स्तर को कंट्रोल करता है।
इसके अलावा सर्दियों की ठंड इम्यूनिटी को कमजोर कर सकती है और हार्ट संबंधी जोखिम बढ़ा सकती है। सर्दियों की बीमारियों से बचने के लिए विटामिन C युक्त फूड का सेवन बहुत जरूरी है।