क्या आपको भी बार-बार यूरिन टपकना या पेशाब करते समय तेज जलन जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है? अगर हां, तो बता दें कि इस तरह की समस्याओं से जूझने वाले आप अकेले नहीं है। खासकर महिलाओं में ये परेशानी अधिक देखने को मिलती है। शरीर में पानी की कमी या पब्लिक वॉशरूम का यूज करना यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन का कारण बनता है और इसके चलते व्यक्ति को पेशाब करने में जलन, पेशाब की धार कम होना, कपड़ों में पेशाब टपकना या बार-बार पेशाब आने की समस्या का सामना करना पड़ता है। वैसे तो इस तरह की परेशानी से निजात पाने के लिए तमाम तरह की दवाएं उपलब्ध हैं, लेकिन आप चाहें तो कुछ आसान घरेलू नुस्खे अपनाकर भी इससे छुटकारा पा सकते हैं।
अपनाएं ये तरीके
गेंहू का पानी
इसके लिए गेहूं के 10 से 15 दानों को रात के समय एक गिलास पानी में भिगोकर रख दें। सुबह पानी को छान लें और उसी पानी में 25 ग्राम शक्कर मिलाकर पीएं। इससे पेशाब करते समय तेज जलन से निजात पाई जा सकती है।
ये खास चूर्ण करेगा मदद
पेशाब टपकने, सफेद पानी या जलन से छुटकारा पाने के लिए बराबर मात्रा में इलायची के दाने और सोंठ लेकर इसका एक चूर्ण तैयार कर लें। इसे अनार के रस या दही के पानी में मिलाएं और सेंधा नमक मिलाकर पी लें। ये भी आपको यूरीन इंफेक्शन से राहत दिलाने का काम कर सकता है।
नींबू और शहद
पेशाब करने के दौरान जलन या दर्द की समस्या को दूर करने के लिए आप एक गिलास गुनगुने पानी में एक नींबू निचोड़कर और एक चम्मच शहद मिलाकर, इसे खाली पेट पी सकते हैं। इससे भी आपको जल्द राहत मिलेगी।
नारियल पानी है असरदार
यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन से छुटकारा दिलाने में नारियल पानी बेहद असरदार साबित हो सकता है। वहीं, बेहतर नतीजों के लिए आप इसमें गुड़ व धनिया का चूर्ण मिलाकर भी पी सकते हैं। इससे भी आपको जल्द आराम मिलेगा।
सेब का सिरका
यूरिनरी ट्रैक्ट इंफेक्शन से छुटकारा पाने के लिए आपको सेब के सिरके का इस्तेमाल दिन में दो बार करना है। एक गिलास गर्म पानी में एक चम्मच सेब का सिरका और एक चम्मच शहद मिलाकर पिएं। ये आपको राहत देने का काम करेगा।
इन सब के अलावा हमेशा साफ-सुथरे वॉशरूम का ही इस्तेमाल करें, साथ ही समय-समय पर पानी पीना बिल्कुल ना भूलें। अगर आप लंबे समय तक पेशाब को रोक कर रखते हैं, तो इससे ये समस्या अधिक बढ़ सकती है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।