दांतों में दर्द एक ऐसी समस्या है, जिससे कई बार लोगों को दो चार होना पड़ता है। वहीं, कभी-कभी तो ये दर्द इतना असहनीय हो जाता है कि पीड़ित को बोलने यहां तक की मुंह खोलने तक में भी परेशानी होने लगती है। अगर आप भी अक्सर इस तरह के दर्द का सामना करते हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है। इस लेख में हम आपको दांत में दर्द के कुछ आम कारणों के बारे में बता रहे हैं, साथ ही जानेंगे कुछ ऐसे नुस्खे जो बेहद तेजी से दांत के दर्द से राहत दिलाने में आपकी मदद करेंगे।
क्यो होता है दांत में दर्द?
ओरल हेल्थ के नाम पर भारत के अधिकतर लोग केवल दो टाइम ब्रश करने को ही सही तरीका मानते हैं। हालांकि, आज की जीवनशैली के लिए ये पर्याप्त नहीं है। ऐसे में आपको अपने खानपान का भी खास ध्यान रखने की जरूरत होती है। वहीं, बात दांत में दर्द की करें, तो इसके पीछे कई कारण हो सकते हैं। जैसे-
- दांतों को ठीक ढंग से साफ ना करना
- मीठे का सेवन ज्यादा करना
- अधिक चिपचिपा और प्रोसेस्ड फूड खाना
- कैल्शियम की कमी
- ब्रश करते हुए जीभ की सफाई ना करना। इससे जीभ पर बैक्टीरिया की परत जमने लगती है, जो आपके मसूड़ों और दांतों को भी नुकसान पहुंचाती है।
- इन सब के अलावा बैक्टीरियल इंफेक्शन या फिर दांतों की जड़ों के कमजोर होने के चलते भी आपको दर्द का सामना करना पड़ सकता है।
कैसे पाएं छुटकारा?
पेपरमिंट टी बैग
दांत में दर्द होने पर आप पेपरमिंट टी बैग को फ्रिज में रखकर कुछ देर के ठंडा कर लें। इसके बाद इसे दर्द वाली जगह पर रखें। अगर आप दर्द सहन नहीं कर पा रहे हैं, तो इसके लिए गर्म टी बैग को भी दांतों में रख सकते हैं। पेपरमिंट दांतों में दर्द पैदा करने वाले बैक्टीरिया से लड़ने और जल्द राहत दिलाने में असरदार साबित हो सकता है।
लौंग
दांत के दर्द से राहत पाने के लिए लौंग को बेहद असरदार माना जाता है। इसके लिए 5 से 6 लौंग लेकर, इन्हें पीसकर पाउडर तैयार कर लें। इसके बाद तैयार पाउडर को आधे चम्मच ऑलिव ऑयल के साथ मिक्स कर लें। अब, इस पेस्ट को सीधा दर्द वाले दांत रखें। ऐसा करने पर आपको कुछ ही देर में दर्द से राहत मिलेगी।
लहसुन
खाने का जायका बढ़ाने वाला लहसुन भी दांत के दर्द से छुटकारा पाने में आपकी मदद कर सकता है। इसके लिए आप लहसुन की चाय बनाकर पी सकते हैं या लहसुन की ताजा कली को चबा सकते हैं। आप प्रभावित जगह पर लहसुन का पेस्ट भी लगा सकते हैं। ऐसा करने पर इसमें मौजूद एंटी-बैक्टीरियल गुण, दांत के बैक्टीरिया से लड़कर दर्द से छुटकारा दिलाने में आपकी मदद करेंगे।
नींबू
दांत के दर्द से आराम पाने के लिए नमक मिले नींबू के टुकड़ों को कुछ देर के लिए आग में रख दें। इसके बाद इन्हें कुछ पल के लिए चबाएं और फिर हल्के गुनगुने पानी से कुल्ला कर लें। ऐसा करने पर भी आपको जल्द राहत मिलेगी।
व्हीटग्रास
व्हीटग्रास में दर्द को कम करने वाले गुण मौजूद होते हैं। ऐसे में जिस दांत में दर्द है, उसपर व्हीटग्रास का पेस्ट लगाने से भी राहत पाई जा सकती है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।