मसूड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारी पेरिडोन्टल डिजीज और हाई ब्लड प्रेशर के बीच संबंध को जानने करने के लिए हाल ही में एक शोध किया गया है। इस शोध के बाद पाए गए परिणामों में पता चला है कि उम्रदराज़ महिलाएं जिन्हें दांतों से जुड़ी समस्या होती हैं या जिनके दांत खराब हो रहे हैं, उन्हें हाई ब्लड प्रेशर(हाइपरटेंशन) होने का खतरा अधिक होता है। यह शोध अमेरिकन जर्नल ऑफ हाइपरटेंशन में प्रकाशित हुआ है।

इस शोध में मेनोपॉज से गुजर चुकी महिलाओं में टूथ लॉस और हाइपरटेंशन के बीच संबंध पाया गया। शोध के परिणाम बताते हैं कि इन महिलाओं में बाकी महिलाओं की तुलना में दांतों की बीमारी के दौरान हाइपरटेंशन होने का खतरा 20 प्रतिशत ज्यादा है। इसके अलावा कम बॉडी मास इंडेक्स वाली महिलाओं में भी यह संभावनाएं अधिक देखी गई।

शोध में पाए गए इन परिणामों के पीछे कई संभावित कारण हो सकते हैं। इनमें से एक कारण महिलाओं के आहार को माना गया है। जब लोगों को दांत से जुड़ी समस्याएं होती हैं तो वो अपने आहार में कुछ ही खाद्य पदार्थों को शामिल करते हैं, विशेषतौर पर मुलायम खाद्य पदार्थ और अधिक प्रोसैस्ड फूड खाने लगते हैं। आहार में होने वाले ये बदलाव हाइपरटेंशन की संभावनाओं के बढ़ने का कारण हो सकते हैं।

शोधकर्ताओं का मानना है कि जिन उम्रदराज़ महिलाओं को में दांतों से जुड़ी समस्याएं हैं, वो डेंटल हाइजीन अपनाकर, बचाव के तरीके, ब्लड प्रेशर मॉनीटर करके, आहार में बदलाव करके, शारीरिक गतिविधियों और वजन नियंत्रण के जरिए हाइपरटेंशन की संभावनाओं को कम कर सकती हैं।