दांतों और मसूड़ों में दर्द आज एक आम समस्या बन गया है। बच्चों से लेकर जवान और अधेड़ उम्र के लोग भी इस समस्या से जूझ रहे हैं। कभी सेंसिटिविटी यानी झनझनाहट के कारण दांतों में दर्द महसूस होता है। तो कभी ओरल हाइजीन का पालन नहीं करने से मसूड़ों और दांतों में दर्द की समस्या होने लगती है, यह दर्द काफी असहनीय हो जाता है। जिसके कारण कभी-कभी चेहरे पर सूजन भी आ जाती है। यहां तक कि सिर में दर्द भी होने लगता है। दांत और मसूड़े का दर्द किसी भी उम्र में हो सकता है।

दांतों के दर्द का कारण: दांतों में दर्द के कई कारण हो सकते हैं। यह कीड़ा लगने से, दांतों में कैविटी होने से, ज्यादा ठंडा या गर्म चीज खाने से या फिर अक्ल दाढ़ के निकलने के दौरान दांतों और मसूड़ों में असहनीय दर्द महसूस होता है। हालांकि, दांतों और मसूड़ों के इस दर्द को घरेलू उपायों से भी ठीक किया जा सकता है।

लहसुन: दांतों के दर्द में लहसुन काफी फायदेमंद साबित होता है। क्योंकि इसके अन्दर मौजूद Allicin प्राकृतिक जीवाणुरोधी एजेंट है। जो दांतों के दर्द से छुटकारा दिलाने में मदद करता है। इसके लिए लहसुन की एक पौथी पर अच्छी तरह नमक लगाएं, फिर उसे चबाएं। ऐसा करने से दांतों के दर्द में आराम मिलता है। साथ ही इससे दांत मजबूत भी होते हैं।

लौंग: लौंग का आयुर्वेदिक दवाओं में सदियों से इस्तेमाल किया जा रहा है। इसके लिए एक लौंग को दांत के नीचे दबाकर रखने से दांत दर्द में तुरंत आराम मिलता है। दांत के दर्द में लौंग का तेल भी काफी फायदेमंद साबित होता है।

हींग: दांतों और मसूड़ों के दर्द में हींग काफी फायदेमंद साबित होती है। इसके लिए चुटकी भर हींग को मौसमी के रस के साथ मिलाकर रूई में लगाएं, फिर इसे उस जगह लगा लें, जहां आपके दांत में दर्द है। हींग के इस्तेमाल से दांत के दर्द में तुरंत आराम मिल जाता है।

आलू: हर घर में आसानी से उपलब्ध हो जाने वाला आलू दांत के दर्द के लिए भी काफी फायदेमंद साबित हो सकता है। इसके लिए आलू के एक छोटे टुकड़े को काटकर उसे अच्छी तरह से चबाएं, ऐसे करने से दांत के दर्द में काफी आराम मिलता है।