Oral Hygiene: फिजिकल हेल्थ को बरकरार रखने के साथ ही ओरल हाइजीन का ख्याल रखना भी जरूरी है। दांतों की परेशानी भी आज के समय में बेहद आम हो चुकी है। इसके कारण दांत दर्द, सूजन और कई दूसरे लक्षण दिखने लगते हैं। दांत में सड़न, कैविटी, संक्रमण और मसूड़े में परेशानी भी हो सकती है। इन परेशानियों से उबरने के लिए अक्सर लोग दवाइयों का सेवन करते हैं जो खतरनाक हो सकता है। यही कारण है कि दांतों की परेशानी से बचने के लिए सही खानपान बेहद जरूरी है।
हेल्थ एक्सपर्ट्स मानते हैं कि सही तरीके से ब्रश और कुल्ला करने के साथ ही मजबूत और स्वस्थ दांतों के लिए अच्छा खाना भी जरूरी है। बता दें कि खाने में मौजूद बैक्टीरिया दातों में सड़न पैदा कर सकते हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि दांतों के लिए कौन से फूड्स और कौन नुकसानदायक हो सकते हैं –
दांतों के लिए हानिकारक हैं ये खाद्य पदार्थ: स्वास्थ्य विशेषज्ञों के मुताबिक डाय-सैकराइड्स नामक कार्बोहाइड्रेट का अधिक सेवन दांतों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। साथ ही, मिठास युक्त खाद्य पदार्थ और जंक फूड्स के सेवन से बचना चााहिए।
ब्रेड: ब्रेड, बिस्किट और केक जैसे मैदे से भरपूर फूड्स में कार्बोहाइड्रेट की मात्रा अधिक होती है। बताया जाता है कि ये फूड्स दांतों पर लंबे समय तक रहते हैं जिससे दांतों की सतह पर इनका संपर्क भी अधिक होता है। ऐसे में दांतों के डैमेज होने का खतरा ज्यादा बना रहता है।
चिप्स: एक्सपर्ट्स के अनुसार चिप्स, सैंडविच, क्रैकर्स समेत कई अन्य स्नैक्स दांतों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। ये दांतों में ज्यादा समय के लिए फंसा रह जाता है। विशेषज्ञो के मुताबिक लोग जितना ज्यादा इन चीजों का सेवन करेंगे, दांतों की परेशानी उतनी ज्यादा हो सकती हैं।
शहद: स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार शहद स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होता है लेकिन दांतों के लिए इसका सेवन नुकसानदायक हो सकता है। बेशक इसमें एंटी-बैक्टीरियल तत्व पाए जाते हैं मगर चीनी की मात्रा ज्यादा होने के कारण टूथ डिके की शिकायत हो जाती है।
कोल्ड ड्रिंक: बताया जाता है कि प्लेक और बैक्टीरिया के लिए कोई भी मीठा फूड नुकसान पहुंचा सकता है। सॉफ्ट ड्रिंक में मौजूद शुगर को बैक्टीरिया इस्तेमाल करके एसिड में परिवर्तित कर देता है। इससे दांत प्रभावित होते हैं और उनमें सड़न देखने को मिलती है।
ये फूड्स हैं दांतों के लिए फायदेमंद: हेल्थ एक्सपर्ट्स के अनुसार दांतों की परेशानी को कम करने के लिए कच्ची सब्जियां फायदेमंद हो सकती हैं। इनमें फाइबर होता है जो दांतों को मजबूत करता है। ऐसे में खीरा और टमाटर खाना फायदेमंद होगा। इसके अलावा, सेब जैसे फल खाएं, इन्हें चबाने से दांतों का एक्सरसाइज तो होता ही है, साथ में जरूरी विटामिन्स और मिनरल्स का सेवन दांतों के लिए फायदेमंद होगा।
साथ ही, दूध, दही और पनीर जैसे मिल्क प्रोडक्ट्स भी दांतों के लिए फायदेमंद हैं क्योंकि इसमें प्रचुर मात्रा में कैल्शियम होता है। वहीं, सौंफ भी दांतों को साफ करने के लिए जाना जाता है।

