क्या आपको भी पिछले कुछ समय से अपना पेट फूला हुआ महसूस हो रहा है और इसे हल्का छूने पर भी तेज दर्द का एहसास परेशान कर देता है? अगर हां, तो बता दें कि पेट का यह उभार या फूलना पेट की सूजन भी हो सकती है। पेट की सूजन को गेस्ट्राइटिस कहते हैं और इसके कई बार कोई लक्षण दिखाई नहीं देते हैं। कुछ लोगों में जिनमें इसके लक्षण दिखाई देते हैं, उन्हें पेट के ऊपरी हिस्से में बेचैनी और खासकर लैटते समय दर्द होना जैसी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। वहीं, समस्या बढ़ने पर दर्द भी अधिक बढ़ जाता है। इतना ही नहीं, कई बार व्यक्ति को उठते-बैठते समय भी पेट में तेज दुखन का एहसास परेशान करने लगता है।

अगर आप भी इस तरह की परेशानियों का सामना कर रहे हैं, तो बता दें कि इसके पीछे आपकी कुछ खराब आदतें जिम्मेदार हो सकती हैं। अगर समय रहते उन आदतों पर रोक न लगाई जाए, तो पेट में सूजन गंभीर रूप भी ले सकती है। आइए जानते हैं इनके बारे में-

लंबे समय तक भूखे रहना

लंबे समय तक भूखे रहना पेट में सूजन की समस्या को बढ़ा सकता है। दरअसल, कई बार लोग अलग-अलग कारणों के चलते खाना स्किप करने लगते हैं, खासकर ज्यादातर लोग वजन कम करने के चक्कर में भूख लगने पर भी भोजन से दूरी बना लेते हैं। बता दें कि ऐसा करना आपकी सेहत पर भारी पड़ सकता है। लंबे समय तक भूखे रहने की आदत आपको बीमार बना सकती है। काफी समय से भोजन न करने पर पेट में बना अम्ल बहुत सक्रिय हो जाता है, जो हमारे पेट की दीवारों को क्षति पहुंचाने लगता है, इससे पेट में गैस और सूजन बढ़ने लगती है। ऐसे में भोजन स्किप न करें। वहीं, अगर आप वेट लॉस का प्लान बना रहे हैं, तो इसके लिए हेल्दी डाइट लें, भूखे रहना वजन कम करने का विकल्प नहीं है।

मैदा का ज्यादा सेवन

मैदा से भरपूर चीजों का अत्याधिक सेवन भी पेट और आंतों में सूजन का कारण बन सकता है। दरअसल, मैदा में फाइबर की मात्रा बेहद कम होती है, जबकि फाइबर के बिना शरीर आंत की गंदगी को साफ कर बॉडी को डिटॉक्स करने में सक्षम नहीं होता है, साथ ही इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स ज्यादा होता है और मैदा में ग्लूटेन की भी उच्च मात्रा होती है, जो भी आपकी सेहत के लिए नुकसानदायक है। इससे ये ना केवल पाचन पर खराब असर डालता है, बल्कि लंबे समय पर पेट और आंतों में सूजन बढ़ाने का कारण भी बन सकती है। ऐसे में अधिक मात्रा में मैदा के सेवन से बचें।

पैकेज्ड फूड का अधिक सेवन

आज के समय में लोग बाजार में मिलने वाले पैकेज्ड फूड पर अधिक निर्भर हैं। इस तरह के खाने का स्वाद लोगों को बार-बार उन्हें चखने पर मजबूर कर देता है। हालांकि, स्वादिष्ट लगने वाला ये भोजन भी पेट में भयंकर सूजन का कारण बन सकता है। दरअसल, इस तरह के भोजन में सोडियम की उच्च मात्रा पाई जाती है, जो कुछ लोगों में पेट की सूजन पैदा करने लगता है। ऐसे में जहां तक संभव हो घर का बना ताजा खाना खाएं।

डिनर देर से करना

समय की कमी होने के चलते अधकितर लोग देर रात खाना खाते हैं, जिससे पाचन तंत्र पर बेहद खराब असर पड़ता है। देर रात किया गया भोजन ठीक ढंग से पच नहीं पाता है, जिससे पेट में गैस और भारीपन की समस्या होती है, जो समय के साथ सूजन की परेशानी को बढ़ा सकती हैं। इससे अलग पाचन सही ढंग से न हो पाने पर अपच और कब्ज जैसी समस्याएं भी आपको परेशान कर सकती हैं। इसलिए कोशिश करें खाना सूर्यास्त के बाद ही खा लें, साथ ही डिनर के बाद कुछ समय वॉक जरूर करें।

सोडा

इन सब से अलग सोडा या कार्बोनेटेड ड्रिंक पीने की आदत भी पेट में परेशानी को बढ़ा सकती है। ज्यादा मात्रा में इनका सेवन पेट में गैस बनाता है, जिससे सूजन, पेट फूलना, अपच, एसिडिटी की समस्या हो सकती है। ऐसे में इस तरह की चीजों से भी दूरी बना लें। इससे अलग आप नारियल पानी, छाछ जैसी चीजों का सेवन कर सकते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।