आजकल के लाइफस्टाइल और खराब खानपान के चलते कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं बढ़ती जा रही हैं। जिसमें पेट से जुड़ी समस्याएं बहुत ही आम होती जा रही हैं। दरअसल, हमारे शरीर को पोषण देने की शुरुआत हमारे द्वारा खाए जाने वाले भोजन से होती है। हेल्दी और फिट शरीर के लिए सबसे जरूर और आवश्यक खानपान ही है। लेकिन, आज के समय में अक्सर जंक फूड, रिफाइंड आटा, चीनी और नमक का अधिक इस्तेमाल होने लगा है। इससे पाचन संबंधी समस्याएं और अन्य स्वास्थ्य समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। फेमस पोषण विशेषज्ञ लवनीत बत्रा ने पेट फूलने और पाचन संबंधी समस्याओं का इलाज करने के लिए 5 बेहतरीन फूड बताएं हैं। जिनके सेवन से पेट से जुड़ी हर समस्या से छुटकारा मिल सकता है।

न्यूट्रिशनिस्ट लवनीत बत्रा के मुताबिक, आजकल ब्लोटिंग की समस्या से बहुत अधिक लोग परेशान रहते हैं। इस दौरान गैस, सीने में जलन, पेट के आसपास सूजन और दर्द जैसी समस्याएं भी अधिक परेशान करने लगती हैं। उन्होंने बताया कि ब्लोटिंग या पेट फूलने की शिकायत को दूर करने के लिए खाने के साथ पानी पीने के समय पर ध्यान देना सबसे जरूरी है। खाने के करीब 30 मिनट पहले और 60 मिनट बाद ही पानी का सेवन करें। खाने के बीच या खाने के तुरंत बाद पानी पीने की आदत से दूरी बनाएं।

दही

पेट की सेहत को बेहतर बनाने के लिए दही सबसे अच्छा भोजन है। रोजाना दही खाने से पाचन संबंधी समस्याओं को दूर किया जा सकता है। दही खाने से पेट में अच्छे बैक्टीरिया बढ़ते हैं। सुबह और दोपहर के खाने में दही को शामिल करना सबसे अच्छा माना जाता है।

साबुत अनाज

मोटे अनाज या साबुत अनाज को पेट के लिए फायदेमंद माना जाता है। आप गेहूं, ओट्स, चावल और साबुत अनाज से बनी चीजें खा सकते हैं। ये चीजें पेट के लिए अच्छी होती हैं। इन चीजों में फाइबर अधिक होता है, जो पाचन संबंधी समस्याओं से राहत दिलाता है।

केला

फलों में पका हुआ केला पेट के लिए सबसे अच्छा फल माना जाता है। केले में पोटैशियम पाया जाता है। केला खाने से पाचन क्रिया बेहतर होती है और पेट से जुड़ी कई समस्याएं भी दूर होती हैं। केला खाने से गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल समस्याएं भी कम होती हैं। इसलिए नियमित रूप से केला जरूर खाएं।

पपीता

पेट संबंधी समस्याओं के लिए पपीता बहुत ही फायदेमंद होता है। पपीता पाचन क्रिया को मजबूत करने बहुत ही असरदार होता है। पपीते में ऐसे पोषक तत्व होते हैं, जो पेट साफ करते हैं और कब्ज को दूर करते हैं। पपीते के एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण पाचन क्रिया को बेहतर बनाते हैं। यह पाचन से लेकर सीने में जलन और अपच जैसी समस्याओं को दूर करता है।

अदरक

अदरक भी पेट के लिए अच्छा माना जाता है। जिन लोगों को जी मिचलाने या पेट दर्द की समस्या रहती है, उन्हें अदरक का सेवन करना चाहिए। मॉर्निंग सिकनेस को दूर करने में भी अदरक कारगर है। अदरक को किसी न किसी तरह से अपने आहार में शामिल करें।

वहीं, NCBI में प्रकाशित एक शोध के मुताबिक, लिवर को हेल्दी रखने के लिए विटामिन ए और विटामिन डी की पर्याप्त मात्रा शरीर में जरूर होनी चाहिए।