Immunity Boosting Tips: नवंबर का महीना जाते-जाते ठंड काफी बढ़ जाती है। ऐसे में लोगों को सर्दी-जुकाम जैसी समस्याएं परेशान कर सकती हैं। पिछले साल तक इन परेशानियों को लोग ज्यादा गंभीरता से नहीं लेते हैं। लेकिन आज के इस कोरोना काल में एक छींक भी लोगों की नींद उड़ा सकती है। सर्दी-जुकाम उन लोगों  में अधिक देखने को मिलती है जिनकी इम्युनिटी कमजोर हो। बता दें कि कोरोना वायरस संक्रमण का खतरा भी कमजोर रोग प्रतिरोधक क्षमता वाले लोगों में ज्यादा होता है। ऐसे में इम्युनिटी मजबूत रहे, इसके लिए सर्दियों के मौसम में एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर ये 5 फूड आइटम्स खाने चाहिए –

चुकंदर: चुकंदर को एक चमत्कारिक खाद्य पदार्थ माना जाता है। पोषक तत्वों से भरपूर चुकंदर जिसे अंग्रेजी में बीटरूट कहा जाता है, इसमें एसेंशियल विटामिन्स, फाइबर, मिनरल्स और भरपूर मात्रा में एंटी-ऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। इम्युनिटी से लेकर मेटाबॉलिज्म, हड्डियों और सेल्स को हेल्दी रखने के लिए चुकंदर खाना फायदेमंद  होता है।

ब्लूबेरीज: ब्लूबेरीज कम कैलोरीज वाला फल है जो पोषक तत्वों और एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं। माना जाता है कि करीब 100 ग्राम ब्लूबेरीज में 9.2 मिलीमोल्स पर लीटर एंटी-ऑक्सीडेंट पाए जाते हैं। एक रिसर्च के अनुसार इस फल में ऐंथोसायनिन नामक एंटी-ऑक्सीडेंट होते हैं जो न केवल इम्युनिटी मजबूत करने में सहायक है बल्कि दिल के मरीजों के लिए भी फायदेमंद है।

चॉकलेट: डार्क चॉकलेट्स एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर होते हैं। इम्युनिटी बढ़ाने के लिए डाइट में एंटी-ऑक्सीडेंट्स शामिल करने की सलाह दी जाती है। साथ ही, कोलेस्ट्रॉल, हाई ब्लड प्रेशर और अन्य हृदय रोगों से बचाव में भी डार्क चॉकलेट फायदेमंद है।

पालक: विटामिन्स, मिनरल्स और एंटी-ऑक्सीडेंट्स से भरपूर पालक को हेल्थ के लिए सुपरफूड माना जाता है। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के साथ ही पालक वजन कम करने में भी सक्षम है। ऐसा इसलिए क्योंकि ये एक लो कैलोरी फूड है। आंखों की रोशनी मजबूत करने में भी पालक खाना फायदेमंद है।

बीन्स: बीन्स एंटी-ऑक्सीडेंट्स का बेहतरीन स्रोत माना जाता है। साथ ही, इसमें प्रचुर मात्रा में फाइबर भी मौजूद होता है। ये इम्युनिटी बढ़ाने के साथ शरीर में  होने वाली सूजन को कम करने में भी कारगर है। इसके साथ ही, कैंसर सेल्स की ग्रोथ को कम करने में मददगार है।