खराब डाइट का असर हमारी गट हेल्थ को बिगाड़ रहा है। हमारी आंत में लाभकारी और हानिकारक बैक्टीरिया का संतुलन होता है जो खराब डाइट की वजह से बिगड़ने लगता है। खराब डाइट की वजह से कब्ज, डायरिया, एसिडिटी और ब्लोटिंग जैसी पाचन से जुड़ी समस्याएं हो सकती हैं। गट में सूजन हो सकती है जो कई बीमारियों जैसे इरिटेबल बाउल सिंड्रोम (IBS), क्रोहन डिजीज और अल्सरेटिव कोलाइटिस का कारण बन सकती है। खराब डाइट की वजह से पोषक तत्वों का अवशोषण प्रभावित होता है और इम्यूनिटी कमजोर होने लगती है। गट और मस्तिष्क के बीच गहरा संबंध है। खराब गट हेल्थ डिप्रेशन, चिंता और मानसिक थकावट को बढ़ा सकती है।
कुछ खास तरह के फूड्स हमारी गट हेल्थ को बिगाड़ सकते हैं। इन खराब फूड्स को रोजाना खाने से आंत में मौजूद गुड बैक्टीरिया मरने लगते हैं और खराब बैक्टीरिया की तादाद ज्यादा हो जाती है जो हमारी गट के लिए हानिकारक है। कुछ फूड्स जैसे प्रोसेस फूड, चीनी और संतृप्त वसा से भरपूर फूड, मीठे स्नैक्स और अनहेल्दी फैट हानिकारक बैक्टीरिया को पोषण देते हैं और आंत में सूजन का कारण बनते हैं।
फंक्शनल मेडिकल एक्सपर्ट ठक्कर ने बताया आंत में गुड बैक्टीरिया के कम होने से और खराब बैक्टीरिया के बढ़ने से आंत में उसका संतुलन बिगड़ जाता है और गट हेल्थ खराब रहने लगती है। प्रसंस्कृत फूड, मीठे स्नैक्स और अनहेल्दी फैट हानिकारक बैक्टीरिया को पोषण देते हैं और सूजन का कारण बनते हैं। आंत में गुड बैक्टीरिया कम हो जाते हैं। जहां एंटीबायोटिक्स दवाएं जिंदगी बचाती हैं वहीं ये गुड बैक्टीरिया को मारती भी हैं जिससे इम्यूनिटी कम होती है और पोषक तत्वों का अवशोषण प्रभावित होता है।
लगातार तनाव में रहने से सूजन, खराब पाचन और आंत के बैक्टीरिया में असंतुलन हो सकता है। पेट के रोगाणुओं की विविधता कम होती है जिससे कब्ज और सुस्ती होती है। अगर आप भी गट हेल्थ में सुधार करना चाहते हैं तो आप कुछ खास फूड्स को खाएं अरबों की संख्या में गुड बैक्टीरिया बढ़ जाएंगे। आइए जानते हैं कि कौन-कौन से फूड्स आंत में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं।
इन फूड्स से बढ़ाएं गट बैक्टीरिया में संतुलन
हमारी आंत में लाभकारी और हानिकारक बैक्टीरिया का संतुलन होता है। इस संतुलन को बनाए रखने के लिए डाइट में सेब और जामुन जैसे फल, पालक और ब्रोकोली जैसी सब्जियां, चिकन और मछली जैसे लीन प्रोटीन, दाल और छोले जैसी फलियां और क्विनोआ और ब्राउन राइस जैसे साबुत अनाज का सेवन करें। ये फूड अच्छे बैक्टीरिया को पोषण देते हैं और सूजन को कंट्रोल करते हैं।
फाइबर का सेवन ज्यादा करें
आंत की सेहत को दुरुस्त करने के लिए डाइट में जई, बीन्स, साबुत अनाज और सब्जियों का सेवन करें। रोजाना 25-30 ग्राम फाइबर रिच फूड आंत की सेहत को दुरुस्त करते हैं और आंत में गुड बैक्टीरिया बढ़ाते हैं।
फर्मेंटेड फूड खाएं
आंत को हेल्दी रखने के लिए फर्मेंटेड फूड खाएं। दही, केफिर, किमची, सौरक्राउट और कोम्बुचा प्रोबायोटिक्स से भरे हुए फूड हैं जो गुड बैक्टीरिया और यीस्ट हैं। ये फूड आंत में अरबों की संख्या में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं और आंत के बैक्टीरिया को संतुलित करते हैं।
बॉडी को हाइड्रेट रखें
गट हेल्थ में सुधार करना चाहते हैं तो बॉडी को हाइड्रेट रखें। रोजाना 2-3 लीटर पानी पीने की आदत डालें। डाइट में हर्बल टी और पानी से भरपूर फू्ड्स का सेवन करने से गट हेल्थ दुरुस्त रहती है।
तनाव को कंट्रोल करें
तनाव और गट हेल्थ एक दुसरे से जुड़े हुए हैं। आप गट हेल्थ में सुधार करना चाहते हैं तो तनाव को कंट्रोल करें। तनाव कंट्रोल करने के लिए आप योग या गहरी सांस लेने का अभ्यास करें। एक्सरसाइज और वॉक करें आपकी आंत की सूजन कंट्रोल रहेगी और गट हेल्थ में सुधार होगा।
मूली खाने से गैस क्यों होती है? पाचनतंत्र को दुरुस्त रखने के लिए मूली का सेवन कैसे करें इस बात की जानकारी आचार्य बालकृष्ण से दी है। आप भी पाचन और मूली से जुड़ी पूरी जानकारी लेना चाहते हैं तो लिंक पर क्लिक करें।