आजकल की भागदौड़ भरी जिंदगी में खानपान से लेकर लाइफस्टाइल पूरी तरह प्रभावित हो चुका है, जिसका सीधा असर शरीर के अंगों पर पड़ता है। खानपान और अनहेल्दी लाइफस्टाइल के चलते लिवर से जुड़ी समस्या बहुत आम हो चुकी है। लिवर हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंगों में से एक है। लिवर ब्लड को साफ करने, विषाक्त पदार्थों यानी टॉक्सिन को बाहर निकालने और पोषक तत्वों को एनर्जी में बदलने सहित कई काम करता है। हालांकि, लिवर से जुड़ी समस्या होने से चेहरे पर कई लक्षण दिखाई देते हैं, जिनकी समय रहते पहचान करना जरूरी है। मैक्स सुपर स्पेशलिटी हॉस्पिटल, वैशाली के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी के निदेशक और विभागाध्यक्ष डॉ. पी. कर ने लिवर की समस्या होने पर चेहरे पर दिखाई देने वाले लक्षण और बचाव बताए हैं।

चेहरे और आंखों में पीलापन

चेहरे और आंखों में पीलापन दिखाई देने लगे तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। चेहरे की रंगत में हल्का पीलापन और आंखों की सफेदी भी पीली नजर आने लगी, तो ये लिवर से जुड़ी समस्या हो सकती है। ये पीलिया का संकेत हो सकता है। जब लिवर बिलीरुबिन नामक तत्व को प्रोसेस नहीं कर पाता, तो यह खून में जमा हो जाता है और शरीर में पीलापन आने लगता है।

चेहरे पर मुंहासे या रैशेज

जब लिवर सही से काम नहीं करता तो शरीर से विषैले तत्व यानी टॉक्सिन बाहर नहीं निकल पाते। क्योंकि, लिवर शरीर से टॉक्सिन बाहर निकालता है और जब यह ठीक से काम नहीं करता, तो शरीर में टॉक्सिन्स जमा होने लगते हैं, जिससे त्वचा पर रैशेज, मुंहासे या खुजली होने लगती है। बार-बार मुंहासे आना लिवर की खराबी का संकेत हो सकता है।

चेहरे पर सूजन

लिवर से जुड़ी समस्या होने पर चेहरे पर सूजन भी दिखाई दे सकती है। लिवर में सूजन आने पर चेहरे, खासकर आंखों के नीचे सूजन दिखाई देने लगती है। इसके अलावा चेहरा फूला हुआ और थका-थका दिखाई देने लगे तो यह लिवर की सूजन यानी फैटी लिवर डिजीज का संकेत हो सकता है।

होंठों का रंग बदलना

होंठों और जीभ का रंग गहरा या नीला दिखाई देने लगे तो समझ जाना चाहिए कि लिवर खतरे में चल रहा है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। यह लिवर की कार्यप्रणाली में गड़बड़ी का संकेत हो सकता है। इससे ब्लड सर्कुलेशन पर असर पड़ता है, जो ऑक्सीजन की कमी का संकेत हो सकता है।

डार्क सर्कल्स

लिवर के कमजोर होने पर शरीर की एनर्जी उत्पादन प्रक्रिया प्रभावित होती है। इससे चेहरे पर थकान, आंखों के नीचे डार्क सर्कल्स और बेजान त्वचा नजर आने लगती है।

कैसे करें बचाव

  • संतुलित डाइट- हरी सब्जियां, फल, हल्दी, आंवला और बीटरूट जैसी चीजें लिवर को डिटॉक्स करने में मदद करती हैं।
  • शराब और फैटी फूड से परहेज करें।
  • दिन में कम से कम 2-3 लीटर पानी पिएं। ताकि टॉक्सिन्स शरीर से बाहर निकल सकें।
  • कपालभाति, अनुलोम-विलोम जैसे प्राणायाम लिवर को स्वस्थ रखने में सहायक होते हैं।

वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।