करी पत्ता अपनी सुगंधित खुशबू और औषधीय गुणों के लिए जाना जाता है जिसका सेवन हम खाने में स्वाद और महक दोनों बढ़ाने के लिए करते हैं। इन पत्तियों का सेवन हम ज्यादातर सांभर, करी और चटनी जैसे फूड्स में स्वाद बढ़ाने के लिए करते हैं। करी पत्ता पोषक तत्वों से भरपूर होता है जिसमें औषधीय गुण भी पाए जाते हैं। रोज 4-5 करी पत्ते का सेवन किया जाए तो पेट की समस्याएं जैसे अपच, गैस और कब्ज से राहत मिलती है। इसमें मौजूद फाइबर आंतों को साफ रखता है और पाचन को दुरुस्त करता है। रोज करी पत्ता खाने से ब्लड में शुगर का स्तर नॉर्मल रहता है। इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स और हेल्दी फैट्स होते हैं जो शरीर में खराब कोलेस्ट्रॉल (LDL) को घटाने में मदद करते हैं। इन पत्तों में बॉडी को डिटॉक्स करने वाले गुण भी मौजूद होते हैं। करी पत्ता लिवर को डिटॉक्स करता है और शरीर से टॉक्सिन को बाहर निकालता है।
सेहत के लिए उपयोगी इन पत्तों का सेवन अगर ज्यादा किया जाए तो ये सेहत पर जहर की तरह असर करता है। आपको बता दें अति किसी भी चीज की बुरी है। करी पत्ते का अत्यधिक सेवन कुछ हेल्थ प्रॉब्लम को बढ़ा सकता है। जितना जरूरी इन पत्तों के फायदों को जानना है, उतना ही जरूरी इसके नुकसानों को समझना भी जरूरी है।
करी पत्तों में अल्कलॉइड पाया जाता हैं,ये यौगिक औषधीय प्रभावों के लिए जाना जाता हैं। एन्साइक्लोपीडिया ऑफ एप्लाइड प्लांट साइंसेज में यह उल्लेख किया गया है कि अत्यधिक मात्रा में एल्कलॉइड का सेवन नर्वस सिस्टम को प्रभावित कर सकता है। इसका ज्यादा सेवन करने से इम्यूनिटी और प्रजनन क्षमता पर भी असर पड़ता है। आइए जानते हैं कि करी पत्ता का ज्यादा सेवन करने से सेहत पर कैसा असर होता है।
एलर्जी का बढ़ सकता है खतरा
करी पत्ता का ज्यादा सेवन करने से कुछ लोगों को एलर्जी का खतरा बढ़ सकता है। ये परेशानी उन लोगों को ज्यादा हो सकती है जो पौधे के पराग के प्रति संवेदनशील होते हैं । इसका ज्यादा सेवन करने से सीने में जकड़न, सांस लेने में कठिनाई, अपच,स्किन पर चकत्ते, छींक आना और नाक में खुजली होने जैसे लक्षण दिखाई दे सकते हैं।
बिगड़ सकता है पाचन
करी पत्ते में फाइबर की मात्रा अधिक होती है, इसका सीमित सेवन फायदेमंद है लेकिन ज्यादा फाइबर का सेवन करने से ब्लोटिंग या पेट फूलने की समस्या, ऐंठन, दस्त या कब्ज की शिकायत हो सकती है।
बढ़ सकता है हाइपोग्लाइसीमिया का खतरा
करी पत्ते का सेवन अगर हाई ब्लड शुगर के मरीज करें तो ब्लड शुगर नॉर्मल रहता है लेकिन जिन लोगों का शुगर लो रहता है वो रोज करी पत्ता ज्यादा खाएं तो उनका ब्लड शुगर बुरी तरह से नीचे गिर सकता है। अगर ब्लड शुगर नॉर्मल करने की दवा का सेवन कर रहे हैं तो करी पत्ता नहीं खाएं इससे शुगर का स्तर और कम हो सकता है।
गिर सकता है ब्लड प्रेशर
करी पत्ते का ज्यादा सेवन करने से ब्लड प्रेशर का स्तर गिर सकता है। यह उन लोगों के लिए ख़ासतौर पर ख़तरनाक है जो पहले से ही लो ब्लड प्रेशर की समस्या से जूझ रहे हैं।
किडनी स्टोन का बढ़ सकता है खतरा
करी पत्तों में ऑक्सालेट होते हैं। जर्नल ऑफ नेफ्रोलॉजी में प्रकाशित एक रिसर्च के मुताबिक करी पत्ता में ऑक्सालेट की अधिक मात्रा किडनी स्टोन के खतरे को बढ़ा सकती है। जिन लोगों की किडनी स्टोन की हिस्ट्री है उन्हें इसका सेवन सीमित मात्रा में करने की सलाह दी जाती है।
साइलेंट किलर है Fatty Liver डिजीज, लिवर पर चर्बी जमा होने पर शरीर में दिखते हैं ये 7 संकेत, नजरअंदाज करना पड़ सकता है भारी। आप भी फैटी लिवर होने पर बॉडी में दिखने वाले लक्षणों को समझना चाहते हैं तो लिंक पर क्लिक करें।