अक्ल दाढ़ हमारे मुंह में निकलने वाला आखिरी दांत होता है। हर व्यक्ति के मुंह में 4 अक्ल दाढ़ होती हैं। इनमें से दो मुंह के ऊपरी हिस्से में होती हैं और दो मुंह के निचले हिस्से में। हालांकि, बेहद कम लोगों में ही 4 अक्ल दाढ़ निकल पाती हैं। इससे अलग ज्यादातर लोगों में एक, दो या तीन अक्ल दाढ़ ही निकलती हैं। वहीं, बात उम्र कि की जाए, तो ज्यादातर लोगों में 18 से 25 साल की उम्र में अक्ल दाढ़ निकलती है।

अब, आपने कई लोगों को अक्ल दाढ़ निकलवाते हुए देखा होगा। ऐसे में सवाल उठता है कि क्या ऐसा करना सही है? क्या हमें अक्ल दाढ़ निकलवानी चाहिए? अगर आपके मन में भी ये सवाल है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। यहां हम आपको इसी सवाल का जवाब देने वाले हैं। आइए समझते हैं इस बारे में विस्तार से-

कितना सही है अक्ल दाढ़ निकलवाना?

बता दें कि अक्ल दाढ़ निकलवाने की आवश्यकता हर किसी को नहीं होती है। कुछ लोगों में अक्ल दाढ़ बिना किसी समस्या के निकल जाती है और बाकी दांतों की तरह ही त्वचा में समा जाती है। हालांकि, ज्यादातर लोगों को अक्ल दांतों से संबंधित समस्याओं का सामना करना पड़ता है।

दरअसल, क्योंकि अक्ल दाढ़ आने से पहले हमारे सभी दांत निकल चुके होते हैं, ऐसे में हमारे जबड़े की शेप भी बन चुकी होती है। इसके चलते ज्यादातर मामलों में अक्ल दाढ़ ठीक से निकल नहीं पाती है या आधी और टेढ़ी निकलती है। इस स्थिति में परेशानी बढ़ जाती है।

टेढ़ी होने पर अक्ल दाढ़ और इसके पास वाले दांत के बीच खाना फंसने लगता है, जिससे कैविटी होने का खतरा बढ़ जाता है। इसके अलावा कई लोगों में ठीक तरह से न निकलने पर अक्ल दाढ़ मसूड़ों में दर्द और सूजन का कारण बन जाती है या मसूड़ों में संक्रमण के खतरे को बढ़ा देती है। इस स्थिति में अक्ल दाढ़ निकलवाना जरूरी हो जाता है।

इससे अलग अगर आपको अक्ल दाढ़ से किसी तरह की परेशानी नहीं हो रही है और दांत पूरी तरह से निकला है तो इसे निकलवाने से बचें।

क्या अक्ल दाढ़ निकलवाने से कोई नुकसान होता है?

ज्यादातर मामलों में अक्ल दाढ़ निकलवाने से किसी तरह का कोई नुकसान नहीं होता है। हालांकि, दाढ़ निकलवाने के 2 से 3 दिनों तक व्यक्ति को थोड़ी असुविधा का सामना करना पड़ सकता है। जैसे- मुंह में सूजन का बढ़ जाना, दर्द बढ़ जाना, खाने-पीने में परेशानी होना, ब्लीडिंग का जोखिम, आदि।

अक्ल दाढ़ निकलवाने के बाद किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है?

  • अगर दाढ़ निकलवाने के चार या पांच दिन बीत जाने के बाद भी आपको दर्द का एहसास ज्यादा हो रहा है या सूजन और सांसों से दुर्गंध की समस्या का सामना करना पड़ रहा है, तो इस स्थिति में एक्सपर्ट्स से सलाह जरूर लें। ऐसा घाव के संक्रमित होने के चलते हो सकता है।
  • इससे अलग अक्ल दाढ़ निकलवाने के बाद साल में एक बार एक्स-रे जरूर कराएं। इससे किसी भी तरह के घाव या सिस्ट का पता लगाया जा सकता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।