सावन के पवित्र महीने में भगवान शिव की पूजा-अर्चना की जाती है। हिंदू धर्म सावन का महीना बहुत ही पवित्र माना जाता है। सावन के माह में हर सोमवार को शिव भक्त व्रत रखते हैं, जिससे शरीर और आत्मा दोनों की शुद्धि होती है, लेकिन व्रत के दौरान शिव भक्तों के मन में भ्रम रहता है कि क्या खा सकते हैं और क्या नहीं खा सकते। गुरुग्राम स्थित मदरहुड हॉस्पिटल की न्यूट्रिशनिस्ट और डाइटिशियन निशा ने बताया कि व्रत के दौरान क्या खाना चाहिए और किन चीजों के सेवन से परहेज करना चाहिए।

डाइटिशियन निशा ने बताया कि सावन सोमवार का व्रत बेहद कल्याणकारी माना जाता है। ऐसी मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा और नियमों के साथ व्रत रखने से जीवन की सभी बाधाएं दूर होती हैं और सुख-शांति की प्राप्ति होती है, लेकिन व्रत के दौरान लोगों के मन सवाल रहता है कि क्या खाना चाहिए और क्या नहीं खाना चाहिए, जिससे सेहत भी ठीक रहे और किसी तरह की कोई परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

एक्सपर्ट के मुताबिक, व्रत के दौरान फलाहार या सात्विक भोजन किया जाता है। ऐसे में सेहत का ख्याल रखना भी बहुत आवश्यक होता है, जिससे शरीर को ताकत मिले और एनर्जेटिक बना रहे। सावन के उपवास में साबूदाना की खिचड़ी खाना सेहत के लिए बहुत लाभकारी हो सकता है। साबूदाना खिचड़ी खाने के कई फायदे हैं। यह एक पौष्टिक और आसानी से पचने वाला भोजन है, जो शरीर को भरपूर मात्रा में एनर्जी देता है और पाचन में सुधार करता है। उपवास के दौरान शरीर को आवश्यक पोषक तत्व और एनर्जी बहुत जरूरत होती है तो ऐसे में साबूदाना की खिचड़ी, कुट्टू के आटे के पकोड़े, राजगिरा की पूरी, दही और फलों का सेवन बहुत फायदेमंद हो सकता है।

सावन में क्या खाना चाहिए?

  • मखाने और मूंगफली भुजिया खा सकते हैं। इनमें कैल्शियम और प्रोटीन का अच्छी मात्रा में होता है।
  • फ्रूट चाट का सेवन करें, क्योंकि इससे शरीर को विटामिन्स और फाइबर मिलेगा।
  • राजगिरा चीला भी खा सकते हैं। ये हाई प्रोटीन, ग्लूटन फ्री और लाइट होता है।

सावन में क्या नहीं खाना चाहिए?

  • प्याज-लहसुन- सावन के महीने में प्याज और लहसुन खाने से परहेज करना चाहिए। यह तामसिक भोजन माने जाते हैं, इसलिए व्रत के दौरान इन्हें नहीं खाया जाता है।
  • मांस-मछली और अंडा- व्रत और पूजा के दौरान मांसाहारी भोजन से परहेज करना चाहिए। पूरे एक महीने तक मांसाहारी भोजन से दूरी बनाकर रखनी चाहिए।
  • नमक- सावन सोमवार व्रत में सादे नमक का उपयोग नहीं किया जाता है। केवल सेंधा नमक ही खाया जाता है, क्योंकि इस नमक को ही शुद्ध माना जाता है।
  • तली-भुनी चीजें- सावन सोमवार व्रत के दौरान तली-भुनी चीजों का सेवन करने से परहेज करना चाहिए। इससे पाचन संबंधी समस्या हो सकती है।
  • ज्यादा चाय-कॉफी- व्रत के दौरान चाय-कॉफी पी सकते हैं, लेकिन सीमित मात्रा में, क्योंकि ज्यादा पीने से डिहाइड्रेशन और एसिडिटी हो सकती है।

वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।