खानपान का हमारे स्वास्थ्य से सीधा संबंध है। यानी हम जो कुछ भी खाते-पीते हैं, उसका सीधा असर हमारी सेहत पर पड़ता है। ऐसे में खाने-पीने में जरा सी भी लापरवाही सेहत को नुकसान पहुंचा सकती है और समय के साथ कई बीमारियां हमें घेर सकती हैं। इसी कड़ी में सद्गुरु के नाम से चर्चित ईशा फाउंडेशन के संस्थापक आध्यात्मिक गुरु जग्गी वासुदेव (Sadhguru Jaggi Vasudev) ने 4 ऐसे फूड के बताए हैं, जिनका अधिक सेवन आपको कई तरह से नुकसान पहुंचा सकता है।

गौरतलब है कि सद्गुरु आए दिन अपने यूट्यूब चैनल पर सेहत से जुड़े कई वीडियोज शेयर करते हैं। वहीं, हाल ही में शेयर किए गए वीडियो ने में उन्होंने 4 ऐसी चीजों का जिक्र किया है, जिन्हें हम बड़े चाव के साथ खाना पसंद करते हैं। हालांकि, स्वाद से अलग इस बात से अनजान रह जाते हैं कि ये फूड हमारी सेहत को गंभींर नुकसान भी पहुंचा सकते हैं। आइए जानते हैं इनके बारे में विस्तार से-

आलू

आलू एक ऐसी सब्जी है जिसे हर घर में हफ्ते में एक ना एक बार तो बना ही लिया जाता है। वहीं, अधिकतर लोगों को भी आलू गोभी, आलू टमाटर, आलू मटर, आलू पालक, दम आलू आदि आलू से बनी इन सब्जियों का खाना खूब पसंद होता है। जबकि सद्गुरु की मानें तो अधिक मात्रा में इसका सेवन सेहत के लिए हानिकारक है।

वीडियो में सद्गुरु बताते हैं कि आलू खाने से पेट में गैस की समस्या हो सकती है। इसके अलावा आलू खाने से नींद भी अधिक आती है। सद्गुरु बताते हैं कि खासकर मेडिटेशन करने वाले लोगों और स्टूडेंट्स को आलू नहीं खाने चाहिए। आलू खाते ही आपको अधिक नींद आने लगती है जो स्टूडेंट्स के लिए पढ़ाई में बाधा का कारण बन सकती है। इसके अलावा अधिकतर हेल्थ एक्सपर्ट्स भी अधिक मात्रा में आलू का सेवन ना करने की सलाह देते हैं। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि आलू में कार्बोहाइड्रेट पाया जाता है, जो गठिया के दर्द को बढ़ाने का काम कर सकता है। अगर आप ब्लड प्रेशर के मरीज हैं तो भी आलू का ज्यादा सेवन ना करें, ये आपकी समस्या को और बढ़ा सकता है। इससे अलग आप गाजर, मूली जैसी सब्जियों का सेवन कर सकते हैं। ये सेहत के लिए फायदेमंद हैं।

डेयरी प्रोडक्ट्स

डेयरी प्रोडक्ट्स सेहत को कई तरह से फायदा पहुंचाते हैं। हालांकि, अधिक मात्रा में इनका सेवन भी आपके लिए परेशानी खड़ा कर सकता है। सद्गुरु बताते हैं कि उम्र बढ़ने के साथ-साथ डेयरी प्रोडक्ट्स पाचन से जुड़ी समस्याओं का कारण बन सकते हैं। जब आप ज्यादा मात्रा में इनका सेवन करते हैं तो ये कोलन यानी बड़ी आंत में चिपकने लगते हैं। ऐसा होने पर पाचन तंत्र ठीक ढंग से काम नहीं कर पाता है और आंतों में मल जमना शुरू हो जाता है। ऐसे में आपको कब्ज, पेट में ऐंठन, पेट दर्द आदि समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।

मीट

सद्गुरु के मुताबिक, अगर आप कच्चा मीट खाते हैं, तो ये बॉडी से फ्लशआउट होने में 70 से 72 घंटे का समय लगता है। अगर आप पका हुआ मीट खाते हैं तो ये शरीर से बाहर आने में 50 से 54 घंटे लेता है। जबकि, सब्जियों को पचने और बॉडी से बाहर आने में केवल 24 से 30 घंटे का समय लगता है और फलों को खाने पर ये समय घटकर 1.5 से 3 घंटे ही रह जाता है। मीट को डाइजेस्ट करने के लिए शरीर को बहुत मेहनत करनी पड़ती है। वहीं, अगर आप अधिक मात्रा में इसका सेवन करते हैं, तो ये पांचन तंत्र पर दवाब बनाकर आपको अधिक बीमार बनाने का कारण बनता है।

अधिक समय तक रखा हुआ खाना

सद्गुरु बताते हैं कि योगिक ट्रेडिशन में अगर आप किसी भी तरह का खाना बनाते हैं, तो उसे 1 से 1.5 घंटे के अंदर खाना फायदेमंद रहता है। इससे अलग ज्यादा से ज्यादा आप चार घंटे पहले पका खाना खा सकते हैं, लेकिन अगर किसी तरह के फूड को पके हुए 4 घंटे से ज्यादा समय हो गया है, तो फिर उसे खाने की गलती ना करें। चाहे वो खाना कितना ही स्वादिष्ट क्यों ना हो, आपको इससे परहेज करना चाहिए। ऐसे इसलिए क्योंकि अधिक समय तक रखा हुआ खाना शरीर में गैस की परेशानी को बढ़ा सकता है। इससे अलग भी आपको कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं हो सकती हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।