ह्यूमन बॉडी एक सिस्टेमेटिक तरीके से काम करती है। हमारे शरीर का हर अंग बॉडी की फंक्शनिंग के लिए अलग-अलग तरह से महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। वहीं, अगर बॉडी की फंक्शनिंग में किसी तरह की गड़बड़ी होती है, तो इसके लक्षण भी शरीर के अंगों पर दिखाई देना शुरू हो जाते हैं। आसान भाषा में समझें तो कोई भी बीमारी होने पर या कई बार इससे पहले भी हमारा शरीर हमें संकेत देना शुरू कर देता है। ऐसे में अगर हम समय रहते इन संकेतों को समझ लें, तो बीमारी के गंभीर होने से पहले ही उससे निजात पाई जा सकती है। इसी कड़ी में इस लेख में हम आपको एक ऐसे ही संकेत और उससे जुड़ी बीमारी के बारे में बताने जा रहे हैं।

ये लक्षण दिखते ही हो जाएं सावधान

पैरों में दर्द होना आम बात है। ये कई कारणों के चलते हो सकता है। वहीं, कई बार ज्यादा देर तक एक जगह बैठे रहने या लंबे समय तक पैर लटाकर बैठने पर पैरों में सूजन की समस्या भी हो जाती है। हालांकि, दर्द और सूजन का एक साथ लंबे समय तक रहना गंभीर बीमारी की ओर संकेत करता है। इसके अलावा अगर दर्द और सूजन के साथ-साथ आपके पैरों का अंगूठा उंगलियों की तरफ मुड़ने लगा है, तो भी आपको तुरंत सर्तक होने की जरूरत है। ये सोरियाटिक गठिया के लक्षण हो सकते हैं।

क्या है सोरियाटिक गठिया?

सोरियाटिक गठिया एक ऑटो इम्यून बीमारी है, जिसमें हमारे शरीर का इम्यून सिस्टम खुद ही शरीर के हेल्दी पार्ट्स जैसे स्किन, जोड़ों, हड्डियों पर अटैक करना शुरू कर देता है। इसके चलते पीड़ित को जोड़ों में तेज दर्द, अकड़न और सूजन का सामना करना पड़ता है।

क्यों और किस उम्र में ज्यादा होती है ये बीमारी?

हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सोरियाटिक गठिया अनुवांशिक या पर्यावरणीय दोनों ही कारणों के चलते हो सकती है। वहीं, वैसे तो ये समस्या किसी भी उम्र के लोगों को हो सकती है। हालांकि, 30-40 साल के व्यक्ति को इस तरह की परेशानी का सामना ज्यादा करना पड़ता है।

नजर आते हैं ये लक्षण भी

पैरों में दर्द, सूजन और अंगूठों के उंगलियों की मुड़ जाने से अलग सोरियाटिक गठिया से पीड़ित शख्स को लंबे समय तक थकान बने रहना, खासकर सुबह के समय अधिक कमजोरी महसूस होना, नाखूनों में लाल धब्बे या नीला होना, आंखों में लालिमा होना, त्वचा पर लाल धब्बे पड़ जाना, जिन पर सफेद रंग के दाने होते हैं आदि समस्याओं से जूझना पड़ सकता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।