Diabetes Patients Diet: डायबिटीज रोगियों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जिम्मेदार रहने की जरूरत होती है। गलत खानपान सिर्फ शुगर लेवल को प्रभावित नहीं करती है, बल्कि इससे शरीर पर बुरा असर भी होता है और बीमारियों का खतरा बढ़ता है। ये बीमारी किसी भी उम्र के लोगों को अपना शिकार बना सकती है, वहीं कई बार लोग जन्मजात भी इससे पीड़ित होते हैं। हालांकि, आहार में कुछ बदलाव करने से ब्लड शुगर लेवल पर काबू पाना आसान हो सकता है। डॉक्टर्स मानते हैं कि कुछ अचार (नींबू का) और चटनी का सेवन भी मरीजों के लिए फायदेमंद साबित होगा।
पुदीने की चटनी से मिलेगा आराम: स्वाद के साथ ही सेहत में भी पुदीना करामाती भूमिका निभाता है। इसमें कैलोरीज की मात्रा कम होती है, साथ ही इम्युनिटी बढ़ाने में भी ये मददगार है। पुदीना में प्रोटीन और फैट की मात्रा कम जबकि विटामिन ए, बी-कॉम्प्लेक्स और सी भरपूर मात्रा में पाए जाते हैं। स्वास्थ्य विशेषज्ञ मानते हैं कि पुदीने की चटनी में मौजूद गुण डायबिटीज रोगियों की कई परेशानियों को दूर करने में कारगर है।
कैसे बनाएं चटनी: 50 ग्राम पुदीना लें, इतनी ही मात्रा में अदरक और अनारदाना भी लाएं। साथ ही, 25 ग्राम लहसुन रखें। पुदीने पत्ते को अच्छी तरह धो लें और लहसुन को छिल लें। फिर सभी चीजों को मिक्सी में डालकर अच्छी तरह पीस लें। अब इसमें स्वादानुसार काला नमक, चुटकी भर जीरा, नींबू का रस और हरी मिर्ची डालकर फिर से चलाएं। अब इसे बर्तन में निकाल लें और दिन भर में तीन बार इस चटनी का सेवन करें।
क्या हैं फायदे: पुदीने में एंटी-ऑक्सीडेंट्स, मेथानॉल और फाइटोन्यूट्रिएंट्स पाए जाते हैं जो पाचन संबंधी दिक्कतों को दूर करते हैं। इसमें मौजूद तत्व शरीर में कॉर्टिसोल के स्तर को नियंत्रित करते हैं। इससे तनाव लेना कम होता है। इससे स्ट्रेस और डिप्रेशन से पीड़ित होने का खतरा कम होता है।
पुदीना में मौजूद एसेंशियल ऑयल वजन घटाने में मददगार है। ये मेटाबॉलिज्म बढ़ाने में सहायक है जिससे वेट लॉस की प्रक्रिया आसान होती है। बता दें कि मोटापा कई बीमारियों के शुरुआती लक्षणों में से एक है जिसपर काबू पाना बेहद जरूरी है।