कुछ लोग सौ साल तक जीते हैं, कभी आपने सोचा है कि क्यों और कैसे कुछ लोगों की उम्र 100 साल होती है। जी हां, वैज्ञानिकों ने इस रहस्य का पर्दाफाश कर दिया है। एक रिसर्च के मुताबिक लम्बी उम्र का राज़ आपकी गट हेल्थ में छुपा है। जिन लोगों की उम्र 100 साल से ज्यादा होती है उनकी लम्बी उम्र के लिए आंत में मौजूद 4 तरह के बैक्टीरिया जिम्मेदार होते हैं। आंतों में पाए जाने वाले ये बैक्टीरिया लम्बी उम्र को बढ़ावा दे सकते हैं।
हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के वैज्ञानिक डॉ. विलियम ली ने हाल ही में एक पॉडकास्ट में चर्चा की कि पाचन तंत्र में पाए जाने वाले बैक्टीरिया 100 साल से अधिक उम्र तक जीवित रहने में मदद करते हैं। एक्सपर्ट ने बताया लम्बी उम्र तक जीने के लिए और आंत में इन बैक्टीरिया को बढ़ाने के लिए कुछ खास फूड का सेवन करना होगा। ये फूड आंत में गुड बैक्टीरिया को बढ़ाते हैं।
आंत में कौन से चार बैक्टीरिया है जो लम्बी उम्र के लिए हैं जिम्मेदार
एक्सपर्ट ने इन बैक्टीरिया का हवाला इटली में किए गए उस अध्ययन को सामने रखते हुए दिया है जिसमें 114 साल की उम्र तक के लोगों की आंतों के बैक्टीरिया का विश्लेषण किया गया था। रिसर्च में शामिल लम्बी उम्र तक जीवित रहने वाले लोगों की आंत में 4 तरह के बैक्टीरिया ओडोरिबेक्टर (Odoribacter), ओसिलोबेक्ट (Oscillobacter), क्रिस्टेनसेनेला (Christensenella) और एकरमानसिया (Akkermansia) पाए गए थे। डॉ. ली के मुताबिक ये बैक्टीरिया इम्यून सिस्टम को मजबूत करते हैं, दिल की सेहत में सुधार करते हैं, इंसुलिन संवेदनशीलता बढ़ाते हैं और सूजन को कम करने में मदद कर सकते हैं।
इन 4 बैक्टीरिया को बढ़ाने वाले फूड
डॉ. ली ने बताया कि इन बैक्टीरिया को बढ़ाने के लिए कुछ विशेष खाद्य पदार्थों का सेवन किया जा सकता है। एक्सपर्ट ने बताया डाइट में अनार, सूखे क्रैनबेरी, अंगूर, काली मिर्च, ब्लैक रास्पबेरी और काले सिरके का सेवन करें। आंत में Odoribacter, Oscillobacter और Christensenella बैक्टीरिया को बढ़ाने के लिए आप डाइट में पके हुए चावल, आलू या पास्ता को रातभर फ्रिज में रखकर अगले दिन उनका सेवन करें। इन फूड्स को रात में फ्रिज में स्टोर करने से ये रेसिस्टेंट स्टार्च में बदल जाते है और आंत में हेल्दी गुड बैक्टीरिया को बढ़ावा देते हैं।
किस उम्र में ये बैक्टीरिया होते हैं प्रभावी
यह बैक्टीरिया सबसे अधिक प्रभावशाली तब होते हैं जब जीवन के शुरुआती वर्षों में उन्हें बढ़ावा दिया जाए। अगर कोई इंसान 70 साल की उम्र के बाद इन बैक्टीरिया को बढ़ाने की कोशिश करता है, तो यह उनकी दीर्घायु पर बहुत अधिक प्रभाव नहीं डाल सकते। कम उम्र में ही आप इन बैक्टीरिया की ग्रोथ बढ़ाएंगे तो आपकी उम्र 100 साल तक रहेगी। हालांकि वैज्ञानिक अभी यह अध्ययन कर रहे हैं कि आनुवंशिकी, जीवनशैली और आंतों के बैक्टीरिया का कॉम्बिनेशन किस तरह जिंदगी को प्रभावित करता है।
LDL Cholesterol Control: 20 से 30 साल की उम्र में बढ़ गया है कोलेस्ट्रॉल? इन 5 तरीकों से करें कंट्रोल, टल जाएगा दिल के रोगों का खतरा। इन तरीकों को जानने के लिए लिंक पर क्लिक करें।
