Signs Of Heart Attack: आज के समय में खराब डाइट और बिगड़ते लाइफस्टाइल के चलते कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं, जिसमें ब्लड प्रेशर सबसे पहले स्थान पर आता है। ब्लड प्रेशर की समस्या दुनिया भर में बढ़ रही है, जिससे हार्ट से जुड़ी कई गंभीर बीमारी हो रही हैं। इससे हार्ट अटैक और स्ट्रोक का खतरा भी बढ़ जाता है। विश्व स्वास्थ्य संगठन यानी डब्ल्यूएचओ के अनुसार, दुनिया भर में हर साल 17.9 मिलियन लोग हार्ट की बीमारी से मरते हैं। कई अध्ययनों से पता चलता है कि हर पांच में से 4 मौतें दिल के दौरे के कारण होती हैं। दिल का दौरा अचानक और एकदम आता है, लेकिन दिल का दौरा पड़ने से पहले शरीर कुछ संकेत देता है। समय रहते इनका पता लगाकर आप अपनी जान बचा सकते हैं। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बिना किसी कारण के शरीर के किसी भी हिस्से में दर्द या असुविधा महसूस होती है, तो यह दिल का दौरा पड़ने का संकेत हो सकता है।

सीने में दर्द या दबाव

दिल का दौरा पड़ने का सबसे आम लक्षण सीने में दर्द या दबाव है। यह दर्द अचानक शुरू हो सकता है और लगातार बना रह सकता है। यह दबाव छाती पर भारी बोझ जैसा महसूस होता है। कई लोगों में यह दर्द गंभीर होता है तो कुछ लोगों में हल्का दबाव होता है। हालांकि, इसे कभी भी नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इग्नोर करना आपके लिए घातक हो सकता है।

कंधे, गर्दन या पीठ में दर्द

कंधे, गर्दन या पीठ में दर्द भी दिल का दौरा पड़ने का संकेत हो सकता है। खासतौर पर अगर यह दर्द सीने में दर्द के साथ हो तो इसे गंभीरता से लेना चाहिए। यह दर्द एक जगह से दूसरी जगह तक फैलता है। कभी-कभी यह एक तरफ या दोनों तरफ भी महसूस हो सकता है।

लेफ्ट हैंड में दर्द

लेफ्ट हैंड में दर्द दिल के दौरे का एक सामान्य लक्षण है। यह दर्द अचानक शुरू होता है और गंभीर होता है। कभी-कभी यह दर्द हल्का या परेशान करने वाला होता है, लेकिन अगर यह लंबे समय तक बना रहे तो इसे नजरअंदाज न करें।

जबड़े या दांत में दर्द

दिल के दौरे के लक्षणों में जबड़े या दांतों में दर्द भी शामिल हो सकता है। यह दर्द सिर्फ जबड़े में ही नहीं बल्कि गालों, ऊपरी हिस्से तक फैल जाता है। कभी-कभी यह केवल एक तरफ ही तेज होता है।

सांस लेने में तकलीफ

सांस लेने में तकलीफ और अत्यधिक थकान भी दिल का दौरा पड़ने के लक्षण हैं। कई लोग इन लक्षणों को सामान्य थकान समझ लेते हैं, लेकिन अगर ये लक्षण लंबे समय तक बने रहें तो ये खतरे का संकेत हो सकता है।

इसके अलावा सुबह उठते ही कुछ लक्षण दिखाई देने पर भी हार्ट अटैक और स्ट्रोक की संभावना अधिक हो जाती है, इन साइन को भी इग्नोर करना आपके लिए भारी पड़ सकता है।