बड़े-बुजुर्ग कहते हैं कि पूरी तरह स्वस्थ रहने के लिए आपके पाचन का ठीक रहना सबसे अधिक जरूरी है। हेल्थ एक्सपर्ट्स भी बुजुर्गों की इस बात पर सहमति जताते हैं। हालांकि, आज का खराब लाइफस्टाइल और अनहेल्दी खाने की आदतों के चलते अधिकतर लोग अपच की समस्या से परेशान रहते हैं। बाहर का ऑयली, मसालेदार खाना खाने और फिर शारीरिक स्थिरता के कारण अधिकतर लोगों को खराब डाइजेशन की स्थिति से गुजरना पड़ता है। वहीं, समय के साथ ये स्थिति कब्ज जैसी गंभीर परेशानी में बदल जाती है।

कब्ज होने पर पीड़ित को मल त्यागने में कठिनाई का सामना करना पड़ता है, इससे मल आंतों में सड़ने लगता है। ये स्थिति न केवल पीड़ित को असहजता का एहसास दिलाती है, बल्कि इसके चलते पेट में दर्द, ऐंठन, सूजन जैसी समस्याएं भी बेहद आम हो जाती हैं। वहीं, अगर समय रहते कब्ज को ठीक न किया जाए, तो ये बवासीर का कारण भी बन सकता है। ऐसे में अगर आप भी इसी स्थिति से गुजर रहे हैं और आपको भी मल त्यगाने में कठिनाई का सामना करना पड़ रहा है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार साबित हो सकता है।

यहां हम आपको एक ऐसे खास पेस्ट के बारे में बता रहे हैं, जिसे रात को सोने से पहले और सुबह खाली पेट हल्के गुनगुने पानी के साथ खाने पर कब्ज की समस्या से जल्द राहत पाई जा सकती है।

कैसे करें तैयार?

इस खास पेस्ट को बनाने के लिए एक चम्मच जायफल पाउडर में आधे नींबू का रस मिलाकर अच्छी तरह चला लें। इस पेस्ट को दिन में दो बार खाने से अपच और कब्ज की स्थिति में जल्द आराम मिल सकता है।

कैसे करता है असर?

कई हेल्थ रिपोर्ट्स बताती हैं कि जायफल शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है। इसमें ऐसे पाचक एजेंट मौजूद होते हैं, जो मेटाबॉलिज्म को बढ़ाने में असरदार हैं। इससे आपका भोजन और बेहतर तरीके से डाइजेस्ट हो पाता है और आपको मल त्यागने में आसानी होती है। इसके अलावा जायफल में फाइबर भी भरपूर मात्रा में पाया जाता है, जो भी पाचन को बढ़ावा देने का काम करता है। फाइबर मल को अधिक कोमल बनाता है, ये स्वस्थ आंत माइक्रोबायोम को बढ़ावा देने में भी मदद करता है, जिससे भी मल त्यागने में आसानी होती और कब्ज की समस्या से राहत मिलती है।

वहीं, बात नींबू की करें, तो इसमें मौजूद विटामिन-सी और एंटी ऑक्सीडेंट गुण भी पेट संबंधी समस्या को दूर करने में सहायक साबित होते हैं। विटामिन-सी पेट की गड़बड़ के लिए अच्छा माना जाता है। इस तरह इन दोनों चीजों का सेवन कब्ज और अपच की परेशानी से निजात दिलाने में असरदार हो सकता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।