खराब डाइट हमें कई तरह की बीमारियों की चपेट में ले लेती है। खराब डाइट का सबसे ज्यादा असर हमारे पाचन पर पड़ता है। पाचन तंत्र में मुंह, इसोफेगस, पेट, छोटी और बड़ी आंत और मलाशय शामिल होते हैं। अगर पाचन को दुरुस्त नहीं रखा जाए तो सबसे ज्यादा प्रभावित हमारी आंत होती है। खराब डाइट, बिगड़ता लाइफस्टाइल और तनाव आंत की सेहत को बिगाड़ देता है। आंत में कई तरह की परेशानियां होने लगती हैं जिसमें अल्सरेटिव कोलाइटिस शामिल है।
ये एक ऐसी स्थिति है जिसमें बड़ी आंत (कोलन) और मलाशय की परत में सूजन आ जाती है। हमारी ओवरऑल हेल्थ के लिए आंतों का हेल्दी होना बहुत जरूरी है। आंतों को हेल्दी रखने के लिए आंतों की सफाई करना जरूरी है। आंतों को साफ करने के लिए आपको अपने खानपान पर ध्यान देने की है जरूरत।
अगर आप अपनी आंत को हेल्दी रखने के लिए कुछ नेचुरल डिटॉक्सीफाई ड्रिंक की तलाश कर रहे हैं तो आपको उसके लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। आपके किचन में ही आपकी आंतों की सफाई करने की दवा मौजूद है। भारतीय योग गुरु, लेखक, शोधकर्ता और टीवी पर्सनालिटी डॉक्टर हंसा योगेंद्र के मुताबिक चुकंदर, अदरक, नींबू और काली मिर्च का इस्तेमाल करके आप आसानी से घर में ही डिटॉक्स ड्रिंक तैयार कर सकते हैं। आइए जानते हैं कि डिटॉक्स ड्रिंक में इस्तेमाल होने वाले ये मसाले कैसे आंत की सेहत को दुरुस्त करने में असरदार साबित होते हैं।
डिटॉक्स ड्रिंक कैसे आंत की सफाई करने में है असरदार
- चुकंदर एक ऐसी सब्जी है जो एंटीऑक्सीडेंट गुणों से भरपूर होता है। इसका सेवन करने से लिवर की हेल्थ दुरुस्त रहती है। चुकंदर बॉडी से टॉक्सिन को बाहर निकालने में जादुई असर करता है। इसका सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है और बॉडी से आसानी से टॉक्सिन बाहर निकलते हैं। ये कब्ज को तोड़ता है और मल त्याग में सुधार करता है।
- औषधीय गुणों से भरपूर अदरक का सेवन करने से पाचन दुरुस्त रहता है। पेट के रोगों को दूर करने में ये दवा की तरह काम करती है। इसके सेवन से पाचन तंत्र दुरुस्त रहता है और सूजन कंट्रोल रहती है। आंतों को सेहतमंद रखने में अदरक का सेवन बेहद असरदार साबित होता है।
- डिटॉक्स ड्रिंक में शामिल नींबू विटामिन सी का बेहतरीन स्त्रोत है जो PH लेवल को संतुलित करता है, पाचन को दुरुस्त करता है और आंत को डिटॉक्स करता है।
- काली मिर्च एक ऐसा मसाला है जो अपने तीखे स्वाद के लिए मशहूर है। काली मिर्च का सेवन पोषक तत्वों के अवशोषण को बढ़ाता है और पाचन को दुरुस्त करता है।
- हल्दी में सूजनरोधी और एंटीऑक्सीडेंट गुण मौजूद होते हैं जो आंत में सूजन को कम करने, पाचन में सुधार करने और लिवर के कार्य में सहायता करने में मदद करते हैं। इस ड्रिंक में मौजूद ये सभी पोषक तत्व नेचुरल तरीके से आंत को साफ करने में मदद करते है। इस ड्रिंक का सेवन करने से बॉडी को पोषण मिलता है और बॉडी अच्छे से डिटॉक्स होती है। आइए जानते हैं कि डिटॉक्स ड्रिंक को कैसे तैयार करें।
रेसिपी
1 मीडियम साइज का चूकंदर
1 इंच अदरक का टुकड़ा
नींबू का रस 2 बड़े चम्मच
हल्दी पाउडर आधा छोटा चम्मच
काली मिर्च स्वादानुसार
डिटॉक्स ड्रिंक को कैसे तैयार करें
डिटॉक्स ड्रिंक को तैयार करने के लिए आप चुकंदर को छील कर छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लीजिए। अब मिक्सर का गिलास लें और उसमें चुकंदर,अदरक, हल्दी पाउडर और काली मिर्च को मिक्सर ग्राइंडर में बारीक होने तक चलाएं। तैयार पेस्ट को एक गिलास में डालें और ऊपर से नींबू निचोड़ लें और उसका ताजा ताजा सेवन करें।