छोटे पर्दे से लेकर टॉलीवुड और बॉलीवुड तक में अपनी एक्टिंग का कमाल दिखाने वाली एक्ट्रेस मृणाल ठाकुर (Mrunal Thakur) हाल ही में दिए अपने एक इंटरव्यू के बाद चर्चा में आ गई हैं। अदाकारा ने अपने इंटरव्यू में कहा है कि वे अपने एग फ्रीज करने के बारे में सोच रही हैं। वहीं, मृणाल ठाकुर से पहले प्रियंका चोपड़ा (Priyanka Chopra), ऋचा चड्ढा (Richa Chadha), मोना सिंह (Mona Singh), रिद्धिमा पंडित (Ridhima Pandit), राखी सावंत (Rakhi Sawant) से लेकर एकता कपूर (Ekta Kapoor) तक इस तरीके को अपना चुकी हैं। ऐसे में आइए जानते हैं कि आखिर एग फ्रीजिंग क्या है, साथ ही जानेंगे इस पूरे प्रोसेस के बारे में-

क्या होता है एग फ्रीजिंग?

एग फ्रीजिंग दरअसल, एक ऐसा मेडिकल तरीका है, जिसमें महिलाओं की ओवरी यानी अंडाशय से एग्स को निकालकर एक खास फ्रीजिंग तकनीक की मदद से सुरक्षिक रख लिया जाता है। इसके बाद जब भी वह महिला मां बनना चाहती है, तब उन एग्स को महिला के पार्टनर के स्पर्म के साथ इंजेक्शन की मदद से फर्टिलाइज कराया जाता है और फिर इन्हें महिला के गर्भाशय में ट्रांसफर कर दिया जाता है। वहीं, अगर महिला चाहे तो वह सरोगेट मदर का सहारा भी ले सकती है। यानी अपने एग्स को किसी अन्य महिला के गर्भाशय में स्थांतरित करा सकती है।

ये तरीका उन महिलाओं के लिए काम करता है, जो फिलहाल मां नहीं बनना चाहती हैं। एग्स फ्रीजिंग की मदद से महिला किसी भी उम्र में मां बन सकती है। इसे लेकर प्रियंका चोपड़ा ने 30 साल की उम्र में अपने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि फिलहाल उन्हें कोई ऐसा पार्टनर नहीं मिला है, जिसके साथ वे बेबी प्लान कर सकें। इसी कड़ी में अपनी मां डॉ. मधु चोपड़ा के सुझाव के बाद उन्होंने अपने एग फ्रीज कराने का फैसला लिया था। हालांकि, फिर साल 2022 में अदाकारा सरोगेसी के माध्यम से खूबसूरत बेटी मालती मैरी चोपड़ा की मां बनीं।

कितने समय तक फ्रीज रह सकते हैं एग्स?

एग रिट्रीव करवाने के बाद उसे कितने वक्त तक संग्रहित करके रखा जा सकता है ये कई चीजों पर निर्भर करता है, जैसे अंडे की गुणवत्ता, स्टोरज तकनीक आदि। हालांकि, आमतौर पर एक महिला अपने एग्स को 10-15 सालों के लिए फ्रीज करवा सकती है। साथ ही एक समय में 10 से 15 एग्स को फ्रीज कर पाने से प्रेगनेंसी के चांस बढ़ जाते हैं।

क्या है एग फ्रीज कराने की सही उम्र?

गौरतलब है कि 30-32 की उम्र तक पहुंचते-पहुंचते महिलाओं का फर्टिलिटी रेट कम होने लगता है। ऐसे में एक्सपर्ट्स 27 से 29 साल की उम्र तक एग फ्रीजिंग कराने की सलाह देते हैं।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।