नहाना हमारे संपूर्ण स्वास्थ्य को बेहतर बनाए रखने का सबसे आसान तरीका माना जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, रोज स्नान करने से व्यक्ति के शारीरिक स्वास्थ्य के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य में भी सुधार होता है। खैर, ये बात तो अधिकतर लोग जानते हैं, लेकिन नहाने का सही समय क्या है, इस बात को लेकर अक्सर लोग कंफ्यूजन में रहते हैं।
दरअसल, आमतौर पर हमारे देश भारत में ज्यादातर लोग सुबह उठकर नहाना पसंद करते हैं, जबकि कुछ लोग सोने से पहले नहाने को बेहतर बताते हैं। इन सब से अलग नहाने को लेकर कई लोग अनियमित भी होतें हैं। यानी जब लोगों का मन होता है, वे उस समस स्नान करने को बेहतर मानते हैं। हालांकि, एक्सपर्ट्स इस तरीके को सही नहीं बताते हैं। इससे अलग नहाने का सही समय क्या है, आइए जानते हैं इसके बारे में-
क्या हैं सुबह के समय नहाने के फायदे?
हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सुबह का स्नान आपके दिन की शुरुआत ताजगी के साथ करने में मदद कर सकता है। यानी अगर आप सुबह उठकर नहाते हैं, तो इससे आप पूरे दिन फ्रेश और एनर्जेटिक महसूस करते हैं। साथ ही सुबह नहाने से आप आलस से भी दूर रहते हैं।
क्या हैं रात को नहाने के फायदे?
वहीं, बात रात के समय स्नान करने की करें, तो इसे साफ-सफाई से जोड़कर ज्यादा देखा जाता है। हमारे देश भारत से अलग जापान, कोरिया और चीन जैसे कई देशों में शाम को नहाने की परंपरा है। यहां के लोगों का मानना होता है कि दिनभर धूल-मिट्टी के संपर्क में रहने पर हमारा शरीर रात के समय अधिक गंदा या बैक्टीरिया के संपर्क में रहता है। ऐसे में दिन के मुकाबले रात के समय नहाना अधिक जरूरी हो जाता है।
क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स?
हेल्थ एक्सपर्ट्स भी सुबह और रात के समय स्नान को लेकर, स्वच्छता को सर्वोच्च बताते हैं। एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सुबह के मुकाबले रात को सोने से पहले नहाना अधिक फायदेमंद हो सकता है। रात के समय नहने से दिनभर त्वचा के संपर्क में आई धूल-मिट्टी, डेड सेल्स, ऑयल और पसीने जैसी गंदगी और बैक्टीरिया को बेहतर तरीके से साफ करने में मदद मिल सकती है। वहीं, अगर आप सोने से पहले धूल-मिट्टी या गंदगी को बॉडी से साफ नहीं करते हैं, तो ये आपकी स्किन के साथ-साथ सेहत के लिए भी हानिकारक हो सकता है।
सुबह सोकर उठने के मुकाबले कोई व्यक्ति दिनभर काम करने के बाद रात के समय अधिक बैक्टीरिया के संपर्क में रहता है। ऐसे में रात को सोने से पहले शरीर की सफाई करना अधिक जरूरी हो जाता है। दूसरी ओर रात को किया गया स्नान न केवल स्किन पर जमा हुई गंदगी और इससे होने वाली एलर्जी के खतरे को कम करता है, बल्कि इससे आपको रात के समय नींद भी बेहतर आती है।
क्या होना चाहिए पानी का तापमान?
इसे लेकर एक्सपर्ट्स बताते हैं, समय के साथ-साथ शॉवर के तापमान का भी महत्व है। अगर आप रात को स्नान करते हैं, तो इस दौरान हल्के गर्म पानी का इस्तेमाल अधिक फायदेमंद है। सोने से पहले गर्म पानी से नहाने पर आपकी बॉडी बेहतर ढंग से तो साफ होती ही है, साथ ही इससे व्यक्ति आराम की स्थिति में भी जल्दी आ जाता है, जिससे फिर बेहतर नींद में मदद मिलती है।
इन सब से अलग एक्सपर्ट्स सुबह नहाने से अलग ठंडे पानी की मदद से हाथ-पैर और मुंह की अच्छी तरह सफाई करने की सलाह देते हैं। इस तरह भी आप खुद को आलस से दूर रख फ्रेश फील कर पाएंगे।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।