सेहतमंद रहने के लिए पाचन तंत्र का ठीक रहना बेहद जरूरी है। हालांकि, आज के समय में लोग बाहर का अनहेल्दी खाना ज्यादा खाते हैं, साथ ही शारीरिक गतिविधियां भी लोगों के जीवन से कम हुई हैं। ऐसे में ये आदतें पाचन पर बेहद खराब असर डालती हैं और इसके चलते कब्ज जैसी परेशानी व्यक्ति को घेर लेती है।
वहीं, कब्ज होने पर पीड़ित को मल त्यागने में बेहद कठिनाई का सामना करना पड़ता है, साथ ही पेट में दर्द, ऐंठन और सूजन जैसी स्थिति से भी दो-चार होना पड़ता है। इन सब से अलग अगर कब्ज से समय रहते निजात न पाई जाए तो ये बवासीर, भगंदर, अल्सर और फिशर समेत कई गंभीर बीमारियां भी पैदा कर सकता है। ऐसे में समय रहते कब्ज से छुटकारा पाना बेहद जरूरी हो जाता है।
अगर आप भी कब्ज से परेशान हैं और घंटों टॉयलेट में बैठे रहने के बाद भी आपका पेट साफ नहीं हो पाता है, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। दरअसल, जिस तरह खराब खाने की आदतों के चलते व्यक्ति को पाचन से जुड़ी परेशानियों का सामना करना पड़ता है, ठीक उसी तरह खानपान में कुछ हेल्दी चीजों को शामिल कर आप इस परेशानी से निजात भी पा सकते हैं। यहां हम आपको एक ऐसी ही खास चीज के बारे में बता रहे हैं, जिसे सोने से पहले खाने पर आपको सुबह मल त्यागने में आसानी हो सकती है और इस तरह आप कब्ज से राहत पा सकते हैं।
क्या है ये खास चीज?
दरअसल, यहां हम मूंग दाल की खिचड़ी के बारे में बात कर रहे हैं। कई हेल्थ रिपोर्ट्स बताती हैं कि डिनर में मूंग दाल की खिचड़ी खाने से ना केवल सुबह आपका पेट आसानी से साफ हो पाता है, बल्कि ये आपकी सेहत को और भी कई फायदे पहुंचाती है।
कब्ज में कैसे है फायदेमंद?
दरअसल, मूंग दाल की खिचड़ी एक बेहद हल्का और आसानी से पचने वाला भोजन है, जो इसे पेट की समस्याओं वाले लोगों के लिए एक बेहतरीन विकल्प बनाता है। इसमें आयरन, जिंक, फॉस्फोरस, फाइबर और प्रोटीन की मात्रा अधिक पाई जाती है, जो पाचन संबंधी समस्याओं पर असरदार है। खासकर फाइबर का सेवन कब्ज की परेशानी पर असरदार हो सकता है। फाइबर रिच फूड मेटाबॉलिज्म को बूस्ट कर पाचन को बढ़ावा देना का काम करते हैं। इससे अलावा उच्च फाइबर सामग्री स्टूल को जोड़ती है और बाउल मूवमेंट को रेगुलेट करती है। इससे स्टूल सॉफ्ट होता है और कब्ज से निजात मिलती है। इसके अतिरिक्त घी में बनी मूंग दाल की खिचड़ी आंतों को चिकनाई देती है, जिससे भी मल त्यागना आसान हो जाता है।
कैसे बनाएं मूंग दाल की खिचड़ी?
- इसके लिए एक कटोरी चावल में 2 कटोरी मूंग दाल मिला लें।
- इसके बाद दोनों चीजों को पानी की मदद से 3 से 4 बार धोएं।
- अब, गैस पर एक कुकर चढ़ाएं और इसमें करीब 3 चम्मच घी डाल लें।
- घी गर्म होने पर दाल में मिले चावलों को इसमें डाल दें।
- इसके बाद कुकर में एक छोटा चम्मच नमक, 2 चम्मच धनिया पाउडर, थोड़ा हींग और लाल मिर्च पाउडर डालकर चला लें।
- सभी चीजों के आपस में मिल जाने के बाद इसमें करीब 6 कटोरी पानी डालकर कुकर का ढक्कन बंद कर दें।
- इसके बाद 2 सीटी आने का इंतजार करें। कुकर से सीटी पूरी तरह निकल जाने के बाद आपकी मूंग दाल खिचड़ी बनकर तैयार हो जाएगी। आप चाहें तो इसमें अलग से घी मिलाकर छाछ के साथ इसका सेवन कर सकते हैं।
खिचड़ी के साथ छाछ का सेवन भी सुबह पेट साफ करने में मददगार होगा। साथ ही डिनर में किया गया ये भोजन आपको हल्का महसूस कराकर नींद की गुणवत्ता को बढ़ाने में भी मदद करेगा।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।