लूज मोशन या डायरिया ऐसी परेशानी है जो कभी भी किसी को भी हो सकती है। हालांकि, गर्मियों में पानी की कमी और डिहाइड्रेशन के चलते लोगों को इस समस्या का सामना ज्यादा करना पड़ता है। कई बार तो परेशानी इतनी बढ़ जाती है कि व्यक्ति कुछ मिनट के लिए भी आराम से बैठ नहीं पाता है। ऐसे में कई बार जब दवाईयों का जल्दी असर नहीं होता है, तब कुछ घरेलू नुस्खे आपको लूज मोशन से चुटकियों में निजात दिला सकते हैं। अगर आप भी इस तरह की परेशानी का सामना कर रहे हैं और जल्द ही इससे निजात पाना चाहते हैं, तो नीचे दिए गए कुछ तरीकों को अपना सकते हैं।
दही दिखाएगी असर:
लूज मोशन रोकने के लिए दही को एक बेहतर विकल्प माना जाता है। ऐसे में लूज मोशन से राहत पाने के लिए आप एक कटोरी सादी दही का सेवन कर सकते हैं। दही में अच्छी मात्रा में गुड बैक्टीरिया पाए जाते हैं जो आंत को स्वस्थ बनाने में मदद करते हैं, साथ ही दही के सेवन से पाचन तंत्र भी बेहतर होता है।
जीरा पानी:
लूज मोशन से निजात पाने के लिए जीरा पानी पीने की भी सलाह दी जाती है। इसके लिए एक लीटर पानी में एक चम्मच जीरा डालकर अच्छे से उबाल लें। ठंडा होने पर इस पिएं, यह आपको इस परेशानी से तुरंत राहत दिला सकता है। जीरे में एंटीसेप्टिक गुण होते हैं जो आंत में हानिकारक बैक्टीरिया को खत्म करते हैं और खराब पेट को ठीक करते हैं।
नीबू का रस करेगा असर:
नींबू का रस आंतों की सफाई करने में मददगार होता है। इससे लूज मोशन की समस्या से भी आसानी से छुटकारा पाया जा सकता है। इसके लिए आपको एक कप पानी में नींबू का रस मिला देना है और रोज दिन में तीन बार इसका सेवन करना है।
आयुर्वेद का सुझाव है अदरक:
आयुर्वेद के मुताबिक, लूज मोशन में अदरक एक कारगर घरेलू उपचार होता है। इसके लिए 2 चम्मच अदरक के जूस में एक चम्मच शहद मिलाकर पिएं। इसके अलावा आप अदरक के जूस को गुनगुने पानी में मिलाकर भी पी सकते हैं। अदरक में एंटीबैक्टीरियल गुण होते हैं जो लूज मोशन करने वाले हानिकारण रोगाणुओं पर हमला करते हैं। ऐसे में यह पेट की गड़बड़ी से छुटकारा पाने में काफी असरदार साबित हो सकता है।
मेथी दाने से मिलेगा आराम:
इन सब के अलावा मेथी दाना भी लूज मोशन में फायदेमंद साबित हो सकता है। आराम पाने के लिए मेथी के दानों को लगभग 15 मिनट के लिए पानी में भिगो दें। इसके बाद इन दानों का पेस्ट बनाएं और इस पेस्ट को एक गिलास पानी में मिलाकर पी लें। ऐसा करने पर भी आपको जल्द फायदा मिलेगा। मेथी में म्यूसिलेज होता है जो लूज मोशन को रोकने का काम करता है। साथ ही इसमें मौजूद एंटी बैक्टीरियल और एंटी फंगल गुण पाचन को बेहतर बनाते हैं। बेहतर असर के लिए आप खाली पेट इसका सेवन कर सकते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।