हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि कई बीमारियां ऐसी होती हैं, जिनकी चपेट में आने से पहले ही शरीर के अलग-अलग अंगों में उनके लक्षण नजर आना शुरू हो जाते हैं। आपने गौर भी किया होगा कि बीमार पड़ने पर अक्सर डॉक्टर सबसे पहले मरीज को जीभ या आंखें दिखाने के लिए कहते हैं। वे केवल जीभ और आंखों को देखने भर से मरीज की हेल्थ प्रॉब्लम्स के बारे में आसानी से पता लगा लेते हैं। ठीक इसी तरह व्यक्ति के होंठ भी उसकी सेहत से जुड़े राज खोल सकते हैं।
बता दें कि होंठ के रंग में होने वाले बदलावों को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि व्यक्ति का स्वास्थ्य ठीक है या नहीं। इतना ही नहीं, होंठ का रंग कई तरह की बीमारियों के संकेत भी देता है। इस आर्टिकल में हम आपको इन्हीं संकेतों के बारे में बताने जा रहे हैं। आइए जानते हैं कि होंठ देखकर आप किस तरह अपने स्वास्थ्य का ध्यान रख सकते हैं-
कैसा रंग हैं नॉर्मल?
एक्सपर्ट्स के मुताबिक, सभी के होंठों का रंग जन्म से ही अलग-अलग होता है। जन्म के वक्त व्यक्ति के होंठ का रंग जैसा है, वही उनका नॉर्मल रंग माना जाता है। नॉर्मल कलर के अलावा होंठों के रंग में बदलाव मामूली से लेकर कई गंभीर बीमारियों के चलते हो सकता है।
पीले या सफेद होंठ
अगर आपके होंठों का रंग पीला या सफेद पड़ने लगा है, तो ये एनीमिया के चलते हो सकता है। शरीर में खून की कमी होने के कारण होंठ सफेद या पीले पड़ने लगते हैं। इसके अलावा ब्लड में बिलुरुबिन की मात्रा बढ़ने से भी होठों का रंग पीला हो जाता है। ऐसा लिवर से जुड़ी किसी तरह की समस्या या लिवर के ठीक ढंग से काम ना करने के चलते भी होता है।
बैंगनी या नीले होंठ
अगर आपके होंठ का रंग नीला पड़ रहा है, तो ये फेफड़ों या दिल से जुड़ी किसी तरह की परेशानी के चलते हो सकता है। इसके अलावा ब्लड में ऑक्सीजन की कमी और कार्बनडाइऑक्साइड की अधिकता होने पर भी होंठ नीले पड़ जाते हैं। ऐसी स्तिथि में तुरंत डॉक्टर से जांच कराने की सलाह दी जाती है।
काले होंठ
अधिक धुम्रपान के चलते होंठ काले पड़ने लगते हैं। वहीं, महिलाओं में ये समस्या अधिक मेकअप प्रोडक्ट का इस्तेमाल करने के चलते हो सकती है। इन सब के अलावा अगर आपके शरीर में विटामिन बी12 की कमी है, तो भी आपके होंठ काले पड़ सकते हैं।
लाल होंठ
अगर अचानक आपके होंठ लाल होने लगें, तो ये लिवर में गंभीर प्रॉब्लम की तरफ इशारा करता है। इस तरह की स्थिति में आपको बिना अधिक देरी किए डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।