शारीरिक गतिविधियों में कमी, अनियमित खानपान, फास्ट फूड और अधिक तले-भूने भोजन का ज्यादा सेवन करने से आज के समय में अधिकतर लोग कब्ज की समस्या से परेशान रहने लगे हैं। वहीं, कब्ज यानी कॉन्स्पिटेशन एक ऐसी स्थिति है जो शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से व्यक्ति को प्रभावित करती है। कब्ज होने पर मल सख्त हो जाता है, जिसके कारण इसे त्यागने में कठिनाई होती है। कई बार स्थिति इतनी खराब हो जाती है कि देर तक टॉयलेट में बैठने पर भी पेट ठीक तरह से साफ नहीं हो पाता है। ऐसे में व्यक्ति पूरे दिन परेशान रहता है।

सुबह के समय पेट ठीक ढंग से साफ न होने पर दिनभर पेट में भारीपन का एहसास, दर्द, ऐंठन, एसिडिटी, खट्टी डकारें आदि समस्याएं व्यक्ति को परेशान करती हैं, जिसका खराब असर फिर उसके काम पर भी पड़ने लगता है। वहीं, लंबे समय तक ये स्थिति बने रहने पर ओवरऑल हेल्थ भी प्रभावित होने लगती है। साथ ही अगर कब्ज का जल्द इलाज न किया जाए तो ये बवासीर जैसी गंभीर समस्या का कारण भी बन जाता है। ऐसे में समय रहते इससे निजात पाना बेहद जरूरी है।

कैसे पाएं छुटकारा?

हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि एक राहत की बात यह है कि जिस तरह गलत खानपान के चलते व्यक्ति को कब्ज की समस्या घेर लेती है, उसी तरह कुछ चीजों का सेवन इस समस्या से निजात पाने में असरदार भी हो सकता है। इसी कड़ी में न्यूट्रिशनिस्ट साक्षी लालवानी ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर एक वीडियो शेयर कर कब्ज से छुटकारा पाने के लिए एक ऐसी ही खास चीज के बारे में बताया है।

न्यूट्रिशनिस्ट के मुताबिक, कब्ज से परेशान लोगों के लिए कुलथी दाल का पाउडर बेहद फायदेमंद हो सकता है। इसके लिए रात तो सोने से पहले कुलथी दाल के पाउडर को पानी में उबालकर पिएं। ऐसा करने पर आपको सुबह पेट साफ करने में आसानी हो सकती है। वहीं, बेहतर नतीजों के लिए आप सुबह खाली पेट भी हल्के गुनगुने पानी में इस दाल के पाउडर को मिलाकर पी सकते हैं।

कैसे है फायदेमंद?

दरअसल, कुलथी दाल में प्रचुर मात्रा में फाइबर पाया जाता है, जो बेहतर पाचन को बढ़ावा देकर मल त्यागने की क्रिया को आसान बनाता है और इससे आपको कब्ज से राहत मिलती है। फाइबर से भरपूर फूड आपके बाउल मूवमेंट को बेहतर करते हैं, जिससे मल त्यागने की फ्रीक्वेंसी बढ़ जाती है। साथ ही फाइबर मल को नरम भी बना देता है, जिससे यह आंत के अंदर से आसानी से निकल जाता है। इस तरह कुलथी दाल का पाउडर पेट और आंतों की नेचुरल सफाई में मददगार हो सकता है।

Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।