गर्मियों के मौसम में मच्छरों का आतंक बढ़ने लगता है। लोगों का अपने घरों की बालकनी में बैठना तक दूभर हो जाता है। मच्छरों के काटने से ना सिर्फ कई तरह की बीमारियां हो सकती हैं बल्कि इसके अलावा शरीर पर लाल चकत्ते पड़ने लगते हैं, जिससे खुजली भी होती है। मच्छरों के काटने से पड़ने वाले निशान जल्दी से खत्म नहीं होते। ऐसे में आप इन लाल निशान को हटाने के लिए घरेलू उपायों की मदद ले सकते हैं।

नींबू का छिलका: नींबू में कई तरह के पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो समग्र स्वास्थ्य के लिए काफी फायदेमंद हैं। अगर मच्छरों के काटने से आपके शरीर पर लाल निशान पड़ गए हैं, तो आप नींबू के छिलके का इस्तेमाल कर सकते हैं। इससे ना सिर्फ निशान ठीक हो जाएंगे, बल्कि शरीर पर खुजली भी नहीं होगी।

सेब का सिरका: सेब के सिरके में कई तरह के विटामिन, एंजाइम और प्रोटीन मौजूद होते हैं। साथ ही इसमें एंटी-बैक्टीरियल गुण भी पाए जाते हैं। सेब का सिरका दिल को दुरुस्त रखने के साथ ही त्वचा, बाल, पाचन तंत्र को ठीक रखने और वजन को घटाने में कारगर है। साथ ही मच्छरों के काटने से पड़ने वाले निशानों को ठीक करने में भी सेब का सिरका लाभदायक है।

इसके लिए आप तीन चम्मच पानी में आधा चम्मच सेब का सिरका मिलाएं। फिर निशान पर लगा लें। ऐसा करने से निशान पूरी तरह से खत्म हो सकता है।

एलोवेरा जेल: एलोवेरा जेल त्वचा को खूबसूरत बनाने में मदद करता है। साथ ही यह स्किन संबंधी कई बीमारियों को ठीक करने में भी कारगर है। यह त्वचा में ठंडक पहुंचाता है। ऐसे में अगर आपको कहीं पर मच्छर ने काट लिया है, जिससे बहुत ज्यादा जलन और खुजली हो रही है। तो आप एलोवेरा जेल को उस जगह पर लगा लें। इससे आपको राहत मिलेगी। साथ ही निशान भी खत्म हो जाएगा।

बेकिंग सोडा: यूं तो बेकिंग सोडे का इस्तेमाल खाने में किया जाता है। लेकिन यह शरीर पर मौजूद चकत्तों को दूर करने में भी कारगर है। इसके लिए बेकिंग सोडे को पानी में मिलाकर उसका घोल बना लें। फिर उस जगह पर इस घोल को लगाएं, जहां पर आपको मच्छर ने काटा है। इससे ना सिर्फ खुजली दूर हो जाएगी बल्कि साथ ही यह शरीर से चकत्ते मिटाने में भी कारगर है।