Kidney Cure: सर्दियों के मौसम में स्वास्थ्य का खास ख्याल अधिक रखना पड़ता है, क्योंकि सर्दी के मौसम में कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं होने का खतरा रहता है। जिसका असर सबसे पहले किडनी पर पड़ता है। किडनी हमारे शरीर के सबसे महत्वपूर्ण अंग है, जो खून को साफ करने का काम करती है और शरीर से टॉक्सिन को पेशाब के जरिए बाहर निकलने का काम करती है। स्वस्थ रहने के लिए किडनी का हेल्दी होना बहुत ही जरूरी है। किडनी में एक बार कोई समस्या हो जाती है, तो शरीर में कई बीमारियां होने का खतरा बढ़ जाता है। सर्दियों के मौसम में कुछ सुपरफूड का सेवन करने से किडनी को हेल्दी और एक्टिव रखा जा सकता है। चलिए आपको बताते हैं कुछ फूड्स जो किडनी को होने वाले नुकसान को रोकते हैं।

किडनी के लिए फायदेमंद फूड

  • चुकंदर
  • लहसुन
  • क्रैनबेरी

चुकंदर

चुकंदर सेहत की लिए बहुत ही लाभकारी होता है। एंटीऑक्सीडेंट और नाइट्रेट से भरपूर चुकंदर ब्लड प्रेशर को कम कर सकता है और ब्लड सर्कुलेशन में सुधार कर सकता है। इसमें हाई फाइबर होता है जो भोजन को पचाने, शरीर को साफ करने और गुर्दे को डिटॉक्स करने में भी मदद कर सकता है। चुकंदर को सलाद, सूप और सीधे भी खाया जा सकता है। चुकंदर गुर्दे की हेल्थ के लिए सबसे अच्छा होता है। सर्दियों के मौसम में चुकंदर का नियमित रूप से सेवन करने पर स्वास्थ्य को बहुत फायदा मिलता है।

क्रैनबेरी

क्रैनबेरी रीजेंसी हेल्थ कानपुर के नेफ्रोलॉजी के कंसल्टेंट डायरेक्टर डॉ. निर्भय कुमार के अनुसार, क्रैनबेरी मूत्र मार्ग के संक्रमण को रोकने में मदद करते हैं और हानिकारक बैक्टीरिया को मूत्र मार्ग में चिपकने से रोककर किडनी की रक्षा करते हैं। यह फल ऑक्सीडेटिव तनाव से लड़ने वाले एंटीऑक्सीडेंट से भी भरपूर होता है। किडनी की हेल्थ के लिए क्रैनबेरी जूस या ताजा क्रैनबेरी का सेवन किया जा सकता है। इसके एंटीऑक्सीडेंट किडनी पर ऑक्सीडेटिव तनाव को कम करने में भी मदद कर सकते हैं, जिससे अंग को नुकसान होने से रोका जा सकता है।

लहसुन

पारस उदयपुर के नेफ्रोलॉजी विभाग के डॉ. आशुतोष सोनी के अनुसार, लहसुन खाने में स्वाद के साथ ही हेल्थ के लिए भी बहुत ही असरदार होता है। लहसुन का सेवन करने से किडनी को स्वस्थ रखने में मदद मिलती है। लहसुन में पाया जाने वाला एलिसिन एक एंटी इंफ्लेमेटरी है, जो ब्लड प्रेशर और कोलेस्ट्रॉल के लेवल को कंट्रोल करने में मदद करता है। खाने में लहसुन डालने से स्वाद तो बढ़ता ही है साथ ही स्वास्थ्य संबंधी कई लाभ भी मिलते हैं।