इसबगोल औषधीय गुणों से भरपूर हर्ब है जो प्लांटागो ओवाटा नाम के पौधे का बीज है। देखने में गेहूं के जैसे इसबगोल के छिलके का सेवन ज्यादातर लोग करते हैं। इस पौधे की छोटी-छोटी पत्तियां और फूल होते हैं। इस पौधे की डालियों में जो बीज लगे रहते है उसके ऊपर जो सफेद रंग का पदार्थ चिपका होता है उसे ही इसबगोल कहा जाता है। सदियों से इसबगोल का सेवन औषधि के रूप में किया जा रहा है। इसका सेवन खासतौर पर पाचन को दुरुस्त करने में किया जाता है। अक्सर घर के बड़े बुजुर्ग कब्ज को दूर करने में और पाचन से जुड़ी परेशानियों को दूर करने के लिए इसबगोल का सेवन करने की सलाह देते हैं।

आयुर्वेदिक एक्सपर्ट नित्यानंदम श्री ने बताया कि लोग इस हर्ब का सेवन तो करते हैं लेकिन उसका इस्तेमाल कैसे करना चाहिए ये नहीं जानते। अगर आप दवा खाते हैं और सही तरीके से नहीं खाते तो आप उसका 100 फीसदी फायदा नहीं ले सकते। इसबगोल का छिलका ही प्रयोग किया जाता है जिससे लोग पाचन से जुड़ी बीमारियों का इलाज करते हैं। आइए एक्सपर्ट से जानते हैं कि इसबगोल की तासीर कैसी है और इसका सेवन करना सेहत के लिए फायदेमंद होता है या नुकसान पहुंचाता है।

इसबगोल की तासीर कैसी है?

एक्सपर्ट ने बताया इसबगोल की तासीर सर्द तर है यानी ठंडी तासीर है। इसकी ठंडी तासीर बलगम का इलाज करती है। ये कफ और पित्त दोनों को ठीक करता है।

इसबगोल का सेवन सेहत पर कैसा करता है असर?

जो भी चीज ठंडी तासीर की होती है वो बॉडी से गर्मी निकालती है। बॉडी से गर्मी निकालने वाली किसी भी चीज का सेवन लम्बे समय तक ज्यादा मात्रा में किया जाए तो वो पेट में गैस की बीमारी पैदा करती है। अगर आप इसका सेवन डोज में करेंगे तो ठीक है लेकिन अगर आप इसका ओवरडोज लेंगे तो ये गैस्ट्रिक प्रोब्लम को बढ़ा सकता है।

इसबगोल से कौन-कौन सी बीमारियों का होता है इलाज

  • नकसीर की बीमारी में है असरदार। अगर किसी की नाक से खून आता है तो इसबगोल का सेवन शरबत में डालकर कर सकते हैं।
  • यूरिन में खून आ रहा है या मल में खून आ रहा है तो इसबगोल का सेवन करें।
  • पीरियड के दौरान महिलाओं को ब्लीडिंग ज्यादा होती है तो इसबगोल का सेवन करें ब्लीडिंग नॉर्मल हो जाएगी।
  • गर्मी में अगर बुखार आ जाए तो इसबगोल का सेवन करें। ये बुखार को उतारता है और बॉडी की वीकनेस को दूर करता है।
  • इसका सेवन करने से कमजोरी थकान दूर होती है।
  • इसका सेवन कब्ज और लूज मोशन दोनों में किया जाता है।

कितना सेवन सेहत के लिए है फायदेमंद

अगर आप इसबगोल का सेवन करना चाहते हैं तो एक युवा इंसान के लिए 2 छोटे चम्मच इसबगोल का सेवन करना पर्याप्त है।

पाचन से जुड़ी परेशानियों में कैसे करें इसबगोल का सेवन

  • पाचन को दुरुस्त करने के लिए इसबगोल का सेवन आप ठंडे पानी में मिलाकर करें। कब्ज को दूर करने के लिए अगर आप दो चम्मच इसबगोल को दूध में डालकर पीते हैं तो कब्ज का इलाज होगा।
  • अगर आप इसका सेवन दही के साथ करें तो लूज मोशन का इलाज होता है।

रोजाना इसका सेवन करने से सेहत पर कैसा होता है असर

अगर रोजाना इसबगोल का सेवन किया जाए तो ये भूख को कंट्रोल करेगा। इसका सेवन करने से नाडिया कमजोर होती हैं। इसका सेवन करने से आंतें कमजोर हो जाती है। कभी-कभी इसका सेवन फायदेमंद है लेकिन इसकी आदत सेहत के लिए नुकसानदायक है।