बालों का झड़ना आज के समय में एक ऐसी समस्या बन गई है, जिससे हर दूसरा व्यक्ति परेशान है। बाजार में इसके हजारों इलाज मौजूद हैं, लेकिन पिछले कुछ समय में ‘बायोटिन’ (Biotin) एक चमत्कारी सप्लीमेंट के रूप में उभरा है। सोशल मीडिया से लेकर सप्लीमेंट स्टोर्स तक, हर जगह दावा किया जा रहा है कि यह गिरते बालों को रोकने और उन्हें घना बनाने का सबसे आसान तरीका है।
बायोटिन एक जरूरी विटामिन है, जिसे विटामिन B7 भी कहा जाता है। यह शरीर में खाने से मिलने वाले पोषक तत्वों को ऊर्जा में बदलने में मदद करता है। आसान शब्दों में कहें तो बायोटिन शरीर की कोशिकाओं को सही तरीके से काम करने की ताकत देता है। बायोटिन अंडे की जर्दी, मूंगफली, बादाम, अखरोट, दालें, हरी सब्जियां, दूध, केला और मांस जैसे फूड्स में पाया जाता है बालों के लिए बायोटिन बेहद अहम है क्योंकि यह केराटिन नामक प्रोटीन के निर्माण में मदद करता है, जो बालों की मजबूती और ग्रोथ के लिए जरूरी होता है।
अगर किसी व्यक्ति में बायोटिन की कमी है तो इसका सबसे पहले असर बालों पर पड़ता है। बाल पतले होने लगते हैं, ज्यादा झड़ते हैं और नाखून कमजोर होने जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे मामलों में बायोटिन सप्लीमेंट लेने से बालों की ग्रोथ दोबारा बेहतर हो सकती है। कुछ बीमारियों में ये सप्लीमेंट असरदार साबित नहीं होता जैसे हार्मोनल, जेनेटिक या स्ट्रेस से जुड़े हेयर लॉस में यह चमत्कारी इलाज नहीं है। बायोटिन एक पानी में घुलनशील बी-विटामिन है जो मेटाबॉलिक प्रक्रियाओं में शामिल होता है और शरीर को पोषक तत्वों जैसे वसा, कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन को ऊर्जा में परिवर्तित करने में मदद करता है।
बायोटिन पानी में घुलनशील है इसलिए हमारा शरीर अतिरिक्त बायोटिन को स्टोर नहीं करता, बल्कि पेशाब के जरिए बाहर निकाल देता है। इसलिए इसका ओवरडोज अक्सर बेअसर होता है। बालों का मुख्य ढांचा केराटिन प्रोटीन से बनता है और बायोटिन इसी प्रोटीन को बनाने में मदद करता है। आइए जानते हैं कि बायोटिन कैसे बालों के लिए हेल्दी है और कैसे इसकी कमी गंजा कर देती है।
बायोटिन कैसे बालों के लिए है जरूरी?
NIH (National Institutes of Health) और जर्नल रिव्यूज़ के मुताबिक, बायोटिन केराटिन प्रोडक्शन में सहायक होता है। केराटिन वही प्रोटीन है जिससे बालों की जड़ और शाफ्ट बनती है। जब शरीर में बायोटिन की कमी होती है, तो हेयर फॉलिकल्स की कोशिकाएं कमजोर हो जाती हैं, जिससे बाल पतले होने लगते हैं और झड़ने लगते हैं। इसके अलावा, बायोटिन स्कैल्प की स्किन सेल्स की हेल्थ को भी बेहतर करता है। रिसर्च में पाया गया है कि बायोटिन की कमी से स्कैल्प ड्राईनेस और इंफ्लेमेशन बढ़ सकता है, जिससे फॉलिकल्स का ग्रोथ साइकिल डिस्टर्ब होता है। बायोटिन इस असंतुलन को ठीक करने में मदद करता है। मेडिकल रिसर्च के अनुसार, बायोटिन सप्लीमेंट का असर उन लोगों पर सबसे ज्यादा होता है जिनमें वाकई इसकी कमी (Deficiency) होती है। अगर बाल अनुवांशिक (Pattern Baldness) कारणों से झड़ रहे हैं, तो केवल बायोटिन इसे नहीं रोक सकता।
क्या सभी लोग इस सप्लीमेंट को ले सकते हैं?
ये सप्लीमेंट डॉक्टर की सलाह से लें तो ज्यादा फायदा होगा। जिन लोगों को बहुत ज्यादा हेयर फॉल हो रहा हो, जिनके नाखून बार-बार टूटते हों या जो बहुत ज्यादा तनाव में रहते हों उन लोगों को बायोटिन सप्लीमेंट का सेवन करना चाहिए। इस सप्लीमेंट का अधिक मात्रा में सेवन करने से बॉडी में इसके साइड इफेक्ट भी दिखने लगते हैं। चेहरे पर मुंहासे (Acne), पाचन में गड़बड़ी और नींद की कमी इस सप्लीमेंट का सेवन करने के साइड इफेक्ट हैं।
किन लोगों को बायोटिन का सेवन करने से परहेज करना चाहिए?
गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और किडनी के मरीजों को बिना डॉक्टर की सलाह के इस सप्लीमेंट का सेवन नहीं करना चाहिए। अगर आपके बाल तेजी से झड़ रहे हैं, तो सप्लीमेंट शुरू करने से पहले एक ‘Biotin Blood Test’ जरूर करवाएं ताकि ये पता चल सके कि समस्या विटामिन की कमी से है या किसी अन्य हार्मोनल बदलाव से।
बालों के झड़ने से बचने का सही तरीका क्या है?
एक संतुलित डाइट जिसमें अंडे, नट्स, दालें, हरी सब्जियां, मांस और डेयरी शामिल हों उसका सेवन करें। इस डाइट का सेवन करने से अधिकतर लोगों को पर्याप्त बायोटिन मिलता है। इसके साथ स्ट्रेस कंट्रोल, सही नींद और हेयर लॉस की वजह की मेडिकल जांच जरूरी है। बायोटिन को मैजिक पिल समझने के बजाय, इसे ओवरऑल न्यूट्रिशन का एक हिस्सा मानना ज्यादा समझदारी है।
रात में मूली में ये चीज़ लगा कर रख दें और सुबह खा लें, पुराने से पुरानी एसिडिटी का होगा इलाज, देखिए कैसे खराब पाचन होगा ठीक। पूरी जानकारी के लिए लिंक पर क्लिक करें।
