डायबिटीज एक मेटाबॉलिक डिसऑर्डर है जिसमें ब्लड में शुगर का स्तर तेजी से बढ़ने लगता है। अगर इस बीमारी को कंट्रोल नहीं किया जाए तो उसका बुरा असर बॉडी के जरूरी अंगों को भी प्रभावित कर सकता है। डायबिटीज बढ़ने से दिल, किडनी और आंखों की बीमारियों का जोखिम बढ़ जाता है। डायबिटीज को कंट्रोल करना बेहद जरूरी है।

ब्लड में शुगर का स्तर कंट्रोल करने के लिए डाइट पर कंट्रोल करना जरूरी है। डाइट में कुछ फूड्स का सेवन ब्लड में शुगर का स्तर तेजी से बढ़ा सकता हैं। डायबिटीज के मरीजों को इस बात की जानकारी होना जरूरी है कि कौन से फूड्स ब्लड में शुगर का स्तर बढ़ा सकते हैं और किन फूड्स से परहेज करना जरूरी है।

ऐसा ही एक फल है अनानास। औषधीय गुणों से भरपूर खट्टे-मीठे स्वाद का ये फल क्या डायबिटीज के मरीजों के लिए उपयोगी है। आइए जानते हैं क्या डायबिटीज के मरीज अनानास का सेवन कर सकते हैं।

अनानास के फायदे:

ये फल फाइबर, विटामिन और खनिजों सहित पोषक तत्वों से भरपूर होता है।अनानास एक हेल्दी फूड है जो एंटीऑक्सिडेंट, विटामिन और एंजाइम से भरपूर होता है। ये फल इम्युनिटी को स्ट्रॉन्ग बनाता है और सूजन को कम करता है। अनानास बाकी फलों की तुलना में तेजी से ब्लड में शुगर के स्तर को प्रभावित करता है।

एक्सपर्ट के मुताबिक इस फल का सेवन शुगर के मरीजों को सीमित मात्रा में करना चाहिए। डॉ राजीव गुप्ता, निदेशक-इंटरनल मेडिसिन एंड डायबिटीज, मैक्स सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल के मुताबिक डायबिटीज के मरीजों को हाई ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फूड्स से परहेज करने की जरूरत है। हाई ग्लाइसेमिक फूड्स का सेवन करने से ब्लड में शुगर का स्तर तेजी से बढ़ता है।

अनानास का ग्लाइसेमिक इंडेक्स कितना है:

अनानास का ग्लाइसेमिक इंडेक्स 51 से 73 के बीच होता है, जो मध्यम है। शुगर के मरीजों को एक दिन में 100 ग्राम से ज्यादा अनानास का सेवन नहीं करना चाहिए। इसके अधिक सेवन से रक्त शर्करा का स्तर और बढ़ सकता है।

अनानास के शुगर के मरीजों के लिए फायदे:

  • एंटीऑक्सिडेंट गुणों से भरपूर ये फल सूजन को दबाने में मदद करता है और मुक्त कणों को दूर रखता है।
  • यह विटामिन सी का एक अच्छा स्रोत है जो इम्युनिटी को स्ट्रॉन्ग बनाने में मदद करता है।
  • यह फ्रूट कैंसर के खतरे को कम कर सकता है। डायबिटीज के मरीज सीमित मात्रा में इसका सेवन करें।
  • अनानास में मौजूद फाइबर ब्लड में शुगर का स्तर कंट्रोल करने में असरदार है। इसका सेवन करने से कब्ज से निजात मिलती है और कोलेस्ट्रॉल कंट्रोल रहता है।