Weight Loss: बदलते लाइफस्टाइल से शारीरिक गतिविधियां कम हो गई हैं। इस वजह से वजन बढ़ना एक बड़ी समस्या बन गया है। वजन कम करने के लिए हम कई तरीके अपनाते हैं, खाना कम कर देते हैं, पर्याप्त एक्सरसाइज करते हैं। कई बार इन सबके बाद भी भी कोई फायदा नहीं मिलता है। इसके पीछे एक बड़ा कारण हमारे मेटाबॉलिज्म का स्लो होना हो सकता है।

मेटाबॉलिज्म यानी जिस दर से हमारा शरीर कैलोरी या ऊर्जा की खपत करता है। अगर यह दर किन्हीं कारणों से धीमी पड़ जाए तो हमारे शरीर में वसा एकत्रित होने लगता है और वजन बढ़ने लगता है। यह ध्यान रखना जरूरी है कि हम जो खा रहे हैं उसमें कुछ ऐसा फूड तो शामिल नहीं है जो हमारे मेटाबॉलिज्म को धीमा कर शरीर का वजन कम नहीं होने देता है।

तले हुए फूड्स – तले हुए फूड्स में ट्रांस फैट अधिक होता है जो हमारे मेटाबॉलिज्म को स्लो करता है। अमेरिकन जर्नल ऑफ क्लीनिकल न्यूट्रीशन ने अपने एक शोध में यह पाया है कि फ्राईड फूड्स से पेट के पास अधिक चर्बी जमा होने लगती है और हम मोटापे का शिकार बन जाते हैं। वजन कम करने की चाहत रखने वाले लोगों को तला हुआ खाना कम खाना चाहिए।

मैदा – मैदा स्वाद में बेहतर हो सकता है लेकिन यह हमारे मेटाबॉलिज्म पर बुरा असर डालता है। आजकल चाइनिज़ फूड और पैक्ड फूड्स के जरिए मैदे का ज्यादा सेवन करते हैं, जो हमारे वजन को बढ़ाता है। इसमें पोषक तत्व और फाइबर न के बराबर मौजूद होते हैं जिस कारण हमारा मेटाबॉलिज्म धीमा पड़ जाता है।

परिष्कृत अनाज – प्रोसेस्ड फूड, पैकेज्ड फूड व्हाइट ब्रेड और पॉलिश्ड चावल हमारे मेटाबॉलिज्म को स्लो कर वजन बढ़ाते हैं। न्यू इंग्लैंड जर्नल ऑफ मेडिसिन में प्रकाशित एक लेख के मुताबिक, परिष्कृत अनाज के सेवन से वजन बढ़ता है। इसमें पोषक तत्व नहीं होते हैं। इसमें फाइबर की भी बहुत कमी होती है जिससे हमारा वजन तो बढ़ने के साथ-साथ ब्लड शुगर लेवल भी बढ़ता है।

सोडा और कोल्ड ड्रिंक्स – अगर आप सोडा और कोल्ड ड्रिंक्स का सेवन अधिक करते हैं तो यह हमारे मेटाबॉलिज्म को धीमा करता है। बीएमसी न्यूट्रीशन में छपे एक अध्ययन के मुताबिक कोल्ड ड्रिंक्स के साथ हाई प्रोटीन युक्त भोजन लेने से हमारा मेटाबॉलिज्म सुस्त पड़ जाता है और शरीर में वसा इकट्ठी होने लगती है।

शराब – किसी भी चीज का अधिक मात्रा में सेवन हमारे वजन को बढ़ाता है। अधिक मात्रा में शराब पीने से हमारे वजन पर बुरा असर होता है। एक अध्ययन के मुताबिक शराब पीने से हमारे शरीर के कैलोरी बर्न करने की क्षमता 73 प्रतिशत तक कम हो जाती है। शराब हमारे शरीर में हानिकारक तत्व एसेटेल्डिहाइड का निर्माण करती है जो हमारे पाचन तंत्र पर बुरा असर डालता है। इन सब चीजों से दूरी बनाए रखने के अलावा आप अपने मेटाबॉलिज्म को तेज करने वाले चीजों पर ध्यान दें।