आपकी मुस्कान ही चेहरे के निखार में चार चांद लगाती है, क्योंकि मुस्कान की असली खूबसूरती दांतों में होती है। अगर, आपके दांत पीले दिखते हैं, तो आपकी मुस्कान दबी हुई सी लगती है और आत्मविश्वास कम होता है। अक्सर लोगों से बात करने में झिझक होती है या फिर खुल कर बात नहीं कर पाते। दांतों के पीलेपन के पीछे कई कारण होते हैं। जैसे- ब्रश करने की गलत आदतें, तंबाकू या मसालों का सेवन, चाय-कॉफी का अधिक सेवन या दांतों पर प्लाक जमा होना आदि। हालांकि, शुरुआत में दांतों का पीलापन बहुत आम बात लगती है, जिसे नजरअंदाज कर दिया जाता है, लेकिन यही समस्या आगे चलकर मसूड़ों में सूजन या दांतों में सड़न जैसी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है।
हेल्थ एक्सपर्ट सुभाष गोयल के मुताबिक, कई लोग सोचते हैं कि दांतों को सफेद करने के लिए महंगे ट्रीटमेंट या केमिकल युक्त उत्पादों की जरूरत होती है। लेकिन वास्तव में आप आसान घरेलू उपायों पर भरोसा करके अपने दांतों को सफेद, साफ और स्वस्थ बना सकते हैं। ये उपाय सुरक्षित, आसानी से उपलब्ध और किफायती हैं।
दांतों को सफेद बनाने के उपाय
नींबू और संतरे जैसे खट्टे फलों के छिलकों में प्राकृतिक रूप से सफाई के गुण होते हैं। इन छिलकों को दांतों पर हल्के से रगड़ने से पीली परत कम हो सकती है और आपके दांत चमकदार दिख सकते हैं। हालांकि, इस उपाय को करते समय ज्यादा जोर से न दबाएं, वरना इनेमल को नुकसान पहुंच सकता है। हफ्ते में एक या दो बार भी यह उपाय करने से फर्क पड़ेगा।
तेल और नमक
आप सरसों के तेल और नमक का इस्तेमाल करके भी अपने दांतों से पीलापन हटा सकते हैं। अगर आप आधा चम्मच सरसों के तेल में एक चुटकी नमक मिलाकर इस मिश्रण से अपने दांतों को ब्रश या मसाज करेंगे तो दांतों पर जमी पीली परत धीरे-धीरे साफ हो जाएगी।
नींबू और बेकिंग सोडा
नींबू और बेकिंग सोडा भी दांतों की सफाई के लिए बेहतरीन विकल्प हैं। बेकिंग सोडा को एक चम्मच नींबू के रस में मिलाकर इस मिश्रण को दांतों पर मलने से दांतों पर जमी लाल-पीली परत हट जाती है और वे चमक उठते हैं।
दिन में दो बार ब्रश करने की आदत डालें
सबसे बुनियादी लेकिन जरूरी उपाय है कि नियमित रूप से ब्रश करना। बहुत से लोग सिर्फ सुबह के समय ही अपने दांत ब्रश करते हैं, लेकिन सोने से पहले भी ब्रश करना जरूरी है। इससे दिन भर जमा हुए खाने के कण, बैक्टीरिया और प्लाक निकल जाते हैं। दिन में दो बार सही तरीके से ब्रश करने से न सिर्फ पीलापन कम होता है, बल्कि दांतों में सड़न का खतरा भी कम होता है।
वहीं, गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट डॉ. सौरभ सेठी ने टॉप 10 गट-फ्रेंडली स्नैक्स शेयर किए हैं। उन्होंने बताया कि ये हेल्दी स्नैक्स पेट को हल्का रखते हैं, डाइजेशन को सपोर्ट करते हैं और एनर्जी लेवल को स्टेबल बनाए रखते हैं।