आजकल आंखों की कमजोरी एक आम समस्या बन गई है। लगातार मोबाइल, लैपटॉप या टीवी स्क्रीन पर नजरें टिकाए रखना, नींद की कमी, धूप या धूल के सीधे संपर्क में रहना और हेल्दी डाइट की कमी आंखों की रोशनी को लगातार कम कर रही है। शरीर में विटामिन A, विटामिन E, और ओमेगा-3 फैटी एसिड की कमी से रेटिना कमजोर होता है और नजर धुंधली पड़ने लगती है। आंखों की देखभाल के लिए रोजाना ताजे फल-सब्जियां, खासकर गाजर, पालक, बादाम और आंवला का सेवन करना जरूरी है। सुबह ठंडे पानी से आंखें धोएं, देर रात तक मोबाइल देखने से बचें और हर 30 मिनट में कुछ पल आंखें बंद करके आंखों को आराम दें। योग जैसे त्राटक जैसे आसन से आंखों की मांसपेशियों को मजबूत मिलती है। रोजाना 7 घंटे की नींद और संतुलित डाइट आंखों की रोशनी को लंबे समय तक बनाए रखती है।
हेल्थलाइन के मुताबिक आंखों को हेल्दी रखने के लिए विटामिन ई का सेवन बेहद असरदार साबित होता है। विटामिन E से भरपूर कुछ फूड्स आंखों को उम्र से जुड़ी बीमारियों से बचाते हैं, दृष्टि को मजबूत बनाते हैं और स्क्रीन टाइम के बढ़ते असर से हिफाजत करते हैं। इन्हें डेली डाइट में शामिल करना आंखों की अच्छी सेहत के लिए जरूरी है।
अमेरिकन एकेडमी ऑफ ऑप्थल्मोलॉजी के अध्ययनों के अनुसार, विटामिन E आंखों को उम्र से जुड़ी बीमारियों जैसे एज-रिलेटेड मैक्युलर डिजनरेशन (AMD) और कैटरेक्ट (मोतियाबिंद) से बचाने में अहम भूमिका निभाता है। यह फ्री रेडिकल्स से लड़कर आंखों के ऊतकों को नुकसान से बचाता है। आइए जानते हैं कि आंखों की रोशनी बढ़ाने के लिए विटामिन ई से भरपूर कौन से फूड्स का सेवन करें।
बादाम (Almonds) खाएं
सिर्फ एक मुट्ठी बादाम आपके दिनभर की विटामिन E की जरूरत का लगभग आधा हिस्सा पूरा कर देता है। इसमें मौजूद अल्फा-टोकोफेरॉल आंखों की रेटिना में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करता है। बादाम को रातभर भिगोकर खाने से इसका अवशोषण और पाचन बेहतर होता है।
सूरजमुखी के बीज (Sunflower Seeds) का करें सेवन
30 ग्राम सूरजमुखी के बीज में करीब 7 मिलीग्राम विटामिन E होता है। इसके एंटीऑक्सीडेंट्स आंखों में ब्लड सर्कुलेशन को बेहतर बनाते हैं, जिससे रेटिनल कोशिकाओं तक ऑक्सीजन और पोषण पहुंचता है। आप सनफ्लावर सीड्स को हल्का टोस्ट करें और उसका सेवन करें। याद रखें कि डीप रोस्ट न करें, ताकि इनके पोषक तत्व सुरक्षित रहें।
पालक (Spinach) भी है आंखों के लिए जरूरी
पालक खास है क्योंकि इसमें विटामिन E और ल्यूटिन दोनों पाए जाते हैं। ये दोनों कंपाउंड मिलकर UV किरणों और स्क्रीन की ब्लू लाइट से आंखों को सुरक्षा देते हैं। जैतून के तेल में हल्का सॉटे करने से विटामिन E का अवशोषण और बढ़ जाता है।
एवोकाडो (Avocados) खाएं
एवोकाडो उन चुनिंदा फलों में से है जिसमें हेल्दी फैट्स और विटामिन E दोनों होते हैं। ये फैट्स आंखों की सुरक्षा करने वाले पोषक तत्वों जैसे कैरोटेनॉयड्स को अवशोषित करने में मदद करते हैं। Nutrients Journal के शोध के अनुसार नियमित एवोकाडो का सेवन करने से विजन में सुधार होता है।
जैतून का तेल (Olive Oil) खाएं
कोल्ड-प्रेस्ड जैतून का तेल न सिर्फ दिल बल्कि आंखों के लिए भी फायदेमंद है। इसमें मौजूद विटामिन E आंखों के ऊतकों में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करता है। इसे सलाद या सब्जियों पर कच्चा इस्तेमाल करें ताकि इसके एंटीऑक्सीडेंट्स सुरक्षित रहें।
लाल शिमला मिर्च (Sweet Red Peppers) भी है आंखों के लिए जरूरी
लाल शिमला मिर्च में जहां विटामिन C भरपूर होता है, वहीं थोड़ी मात्रा में विटामिन E भी मौजूद रहता है। दोनों विटामिन मिलकर आंखों की कोशिकाओं को ऑक्सीडेटिव डैमेज से बचाते हैं और उम्र के साथ लेंस को साफ बनाए रखने में मदद करते हैं। इस रंगीन सब्जी का सेवन सेहत के लिए अमृत साबित होता है।
6-7 तुलसी के पत्ते पानी में उबालें और कर लें दिन में 2 बार गरारा, बलगम हो जाएगा साफ और गले के इंफेक्शन से होगी राहत, फायदे जानने के लिए लिंक पर क्लिक करें।
