स्वस्थ रहने के लिए हेल्दी डाइट और लाइफस्टाइल फॉलो करने की जरूरत होती है। लेकिन कई लोगों की कुछ आदत होती है जिसके कारण उनका स्वास्थ्य प्रभावित होता है। कुछ लोगों को खाने के तुरंत बाद चाय या कॉफी पीने की आदत होती है। लेकिन ऐसा करना स्वास्थ्य के लिए काफी नुकसानदायक होता है। हालांकि कई लोगों को इस बात की जानकारी भी नहीं होती है और इस वजह से उनका स्वास्थ्य प्रभावित हो जाता है। खाने के तुरंत बाद चाय या कॉफी पीने से सिर घूमना और भूख ना लगना जैसी समस्या हो सकती है। आइए जानते हैं और क्या-क्या परेशानी होने का डर रहता है-

खाने के बाद चाय या कॉफी पीने के नुकसान: डॉक्टर्स का कहना है कि खाने से एक घंटे पहले और खाने के एक घंटे बाद चाय या कॉफी बिल्कुल भी नहीं पीना चाहिए। ऐसा करने से डाइजेस्टिव सिस्टम प्रभावित होता है और पाचन शक्ति भी कमजोर होती है। इसके अलावा चाय या कॉफी में मौजूद टैनिन और कैफिन एसिडिटी और गैस का कारण भी बनता है। इतना ही नहीं यदि आप खाने के बाद इन्हें पीते हैं तो पाचन में भी दिक्कत आने लगती है।

खाने के बाद ठंडा पानी ना पिएं: खाना खाने के तुरंत बाद ठंडा पानी बिल्कुल भी नहीं पीना चाहिए। ऐसा करने से पाचन शक्ति कमजोर हो जाती है और डाइजेशन की प्रक्रिया भी धीमी हो जाती है। इसके अलावा एक्सपर्ट्स का कहना है कि खाने के बाद आप हल्का गुनगुना पानी पी सकते हैं या नींबू पानी भी पी सकते हैं। इससे आपकी पाचन क्रिया बेहतर होगी। इसके अलावा ठंडा पानी पीना है तो आप खाने के 45 मिनट के बाद पिएं।

खाने के तुरंत बाद ना सोएं: अक्सर लोग खाने के तुरंत बाद सोने चले जाते हैं। ऐसा करना स्वास्थ्य के लिए बिल्कुल सही नहीं होता है। खाने के तुरंत बाद सोने से वजन बढ़ना, खर्राटा आना और सीने में जलन जैसी समस्या होने लगती है। इसलिए खाने के बाद थोड़ी देर टहलें और फिर सोने जाएं। इसका आपके स्वास्थ्य पर कोई नुकसान नहीं होगा।