Garlic Health Benefits: खाने का स्वाद बढ़ाने के लिए लहसुन का इस्तेमाल तो बेहद आम है, लेकिन क्या आप जानते हैं कि सेहत के लिए भी ये किसी खजाने से कम नहीं है। इम्युनिटी बढ़ाने से लेकर कई गंभीर बीमारियों से बचाने में, लहसुन खाने से लोगों को कई फायदे हो सकते हैं। वर्तमान समय में लोग अपनी सेहत को लेकर बेहद सजग हो गए हैं। ऐसे में ज्यादातर लोग उन्हीं खाद्य पदार्थों को डाइट में तवज्जो देते हैं जो शरीर को स्वस्थ रखने में मददगार हो। आइए जानते हैं स्वास्थ्य पर लहसुन खाने के क्या सकारात्मक प्रभाव पड़ते हैं –

रक्तचाप पर रहता है काबू: एक अध्ययन के मुताबिक हाई बीपी के पेशेंट जो नियमित रूप से लहसुन खाते हैं, उनके ब्लड प्रेशर का स्तर जल्दी अनियंत्रित नहीं होता है। ऐसे में दिल के कमजोर होने का खतरा कम होता है।

हृदय रोग से बचाने में मददगार: दिल को सेहतमंद रखने में लहसुन बेहद सक्रिय भूमिका निभाता है। इसमें एलिसिन पाया जाता है जो हृदय रोग के खतरे को कम करने के लिए जाना जाता है। लहसुन से बनी चाय को पीने से खून का संचार बेहतर होता है। साथ ही, बैड कोलेस्ट्रॉल को कम करने और आर्टरीज ब्लॉक होने से बचाने में मददगार है।

वजन कम करने में सहायक: स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि रोजाना सुबह खाली पेट लहसुन खाने से भी मोटापे को आसानी से कम किया जा सकता है। यह मेटाबॉलिज्म को मजबूत करता है जिससे वजन कम करने में आसानी होती है।

दूर होगी सांस की परेशानी: कुछ स्टडीज के अनुसार लहसुन की चाय पीने से अस्थमा के मरीजों को लाभ पहुंच सकता है। इसके अलावा, कोल्ड, कफ, साइनस, फीवर, गले में खराश या कंजेशन को दूर करने में भी इस चाय को पीने की सलाह दी जाती है।

इम्युनिटी बढ़ाए: लहसुन रोग प्रतिरोधक क्षमता को मजबूत करने में कारगर है क्योंकि इसमें एंटी-ऑक्सीडेंट और एंटी-इंफ्लेमेट्री जैसे कई पोषक तत्व पाए जाते हैं।

कैसे बनाएं लहसुन की चाय: एक कप पानी में 2 से 3 लहसुन की कलियों को आधा काट कर इसमें डालें। एक उबाल आने के बाद गैस बंद करें। अब इसमें नींबू का रस निचोड़ें और स्वादानुसार शहद मिलाएं। इस पेय को छान लें और पीयें।