G20 Summit: राजधानी दिल्ली में इस वक्त G20 शिखर सम्मेलन की धूम देखने को मिल रही है। इसके लिए दुनियाभर के देशों से तमाम बड़े नेता नई दिल्ली पहुंच चुके हैं। वहीं, इन खास मेहमानों के रहने से लेकर खाने तक के लिए तमाम खास तैयारियां भी की गई हैं। मेहमानों को सोने-चांदी से कोटेड बर्तनों में खाना परोसा जाएगा। इस आर्टिकल में हम आपको इन्हीं बर्तनों की खासियत के बारे में बता रहे हैं। साथ ही जानेंगे कि सजावट और मेजबानी से अलग ये बर्तन सेहत के लिए किस तरह से फायदेमंद हैं।
बता दें कि इसके लिए जयपुर स्थित आइआरआइएस मेटल वेयर कंपनी द्वारा 15,000 चांदी के बर्तनों का सेट तैयार किया गया है, जिन्हें करीब 200 कारीगरों ने मिलकर बनाया है। इन बर्तनों की खासियत ये है कि ये पूरी तरह से मेक इन इंडिया थीम के अंतर्गत आते है, जिन्हें दिल्ली के अलग-अलग होटलों में भेजा गया है। डिनर सेट के साल्ट ट्रे पर अशोक चक्र का चित्र अंकित किया गया है। इसके अलावा सेट में मौजूद हर एक थाली, कटोरियों और चम्मचों पर भारतीय संस्कृति की झलक नजर आ रही है।
आइआरआइएस मेटल वेयर कंपनी के मुताबिक, जी-20 के लिए खास फ्यूजन एलिगेंस की थीम पर ये सेट तैयार किए गए हैं, जिनमें पूरे भारत की झलक नजर आती है। बर्तनों में जयपुर, उदयपुर, बनारस से लेकर कर्नाटक तक की नक्काशी की गई है। क्रॉकरी सेट में देश के राष्ट्रीय पक्षी मोर का इस्तेमाल किया गया है, जो मेहमानों को काफी पसंद भी आता है। यही वजह है कि इससे पहले अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति बराक ओबामा को ये भारतीय क्रॉकरी इतनी पसंद आई थीं कि वो इसे अपने साथ लेकर चले गए थे।
सेहत के लिए कैसे हैं फायदेमंद?
- आयुर्वेद के मुताबिक, सोने और चांदी के बर्तनों में खाना खाने से सेहत को कई तरह से लाभ मिलते हैं। सोना एक गर्म धातु है। ऐसे में इससे बने बर्तन या सोने के पानी से कोटेड बर्तनों में खाना बनाने और खाने से शरीर के अंदरूनी और बाहरी दोनों हिस्सों को मजबूती मिलती है।
- इस तरह के बेर्तनों में एंटी-इंफ्लेमेटरी गुण होते हैं, जो शरीर को बाहरी या अंदरूनी सूजन से बचाते हैं।
- सोने के बर्तन में भोजन करना आंखों के लिए फायदेमंद है, ये आंखों की रोशनी को बढ़ावा देने में मदद करते हैं।
- इसके अलावा सोने के पानी से तैयार बर्तन पाचन तंत्र के एंजाइम और एसिड के साथ क्रिया कर, पाचन में सुधार करने में भी मदद करते हैं।
वहीं, बात अगर चांदी की करें, तो इससे तैयार बर्तनों में खाना खाने से भी आपको कई लाभ मिल सकते हैं।
- चांदी एक ठंडी धातु है, जो शरीर को ठंडक पहुंचाने का काम करती है।
- चांदी के बर्तन में खाना बनाने और खाने से दिमाग तेज होता है, साथ ही चांदी भी आंखों के लिए फायदेमंद है।
- एक शोध के मुताबिक, चांदी के बर्तनों में खाना खाने से रोगाणुओं से बचा जा सकता है। ये धातु बैक्टरिया के विकास को रोकती है, जिससे आप स्वच्छ भोजन कर पाते हैं।
- इसके अलावा पित्त दोष, कफ और वायु दोष में भी चांदी के बर्तनों में खाना खाने को फायदेमंद माना गया है।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।