आज के समय में लोग हेल्दी भोजन को छोड़कर अनहेल्दी चीजों का सेवन ज्यादा करते हैं, जिसके चलते उन्हें कई स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इनमें कब्ज की परेशानी सबसे आम है। दरअसल, दिनभर में हम जो कुछ भी खाते हैं, हमारा पाचन तंत्र उसे ठीक ढंग से पचाकर शरीर के लिए जरूरी पोषक तत्वों में तोड़ने का काम करता है। इन पोषक तत्वों से ही बॉडी को एनर्जी मिलती है। वहीं, पाचन तंत्र में भी एक महत्वपूर्ण अंग है कोलन, जिसे बड़ी आंत भी कहा जाता है। ये खाने के पचने के बाद खराब पदार्थ को शरीर से बाहर निकालने का काम करती है। ऐसे में पेट को सही रखने के लिए कोलन का स्वस्थ रहना भी बहुत जरूरी है। हालांकि, जैसा की जिक्र किया गया है, आज के समय में ज्यादा ऑयली या अनहेल्दी खाना लोगों की आदत बन चुका है, ऐसे में इस तरह के खाने से अंत में गंदगी जमा होना शुरू हो जाती है, जिसके चलते व्यक्ति को कब्ज जैसी समस्या का सामना करना पड़ता है और मल त्यागने में कठिनाई होती है।
वहीं, अगर आप भी इस समस्या से परेशान हैं, तो ये आर्टिकल आपके लिए मददगार हो सकता है। दरअसल, हेल्थ एक्सपर्ट्स बताते हैं कि जिस तरह खराब खाने की आदत से व्यक्ति को कॉन्स्टिपेशन से जूझना पड़ता है, ठीक उसी तरह खानपान में कुछ खास चीजों को शामिल कर इस परेशानी से निजात भी पाई जा सकती है। इसी कड़ी में यहां हम आपको 3 ऐसे फल बता रहे हैं, जिनका नियमित सेवन करने से आपको जल्द कब्ज की परेशानी से राहत मिल सकती है।
कब्ज पर असरदार हैं ये 3 फल
सुबह खाली पेट खाएं प्रून्स
प्रून्स यानी सूखे आलूबुखारे को कब्ज की समस्या पर बेहद असरदार माना जाता है। कई हेल्थ रिपोर्टस बताती हैं कि प्रून्स में सोर्बिटोल और फेनोलिक यौगिक की मात्रा ज्यादा होती है, जिससे शरीर पर लैक्सेटिव प्रभाव पड़ता है। इससे बाउल मूवमेंट को रेग्युलेट करने में काफी मदद मिलती है। साथ ही सूखे आलूबुखारों में सॉल्यूबल और इनसॉल्यूबल फाइबर दोनों ही अच्छी मात्रा में मौजूद होते हैं। ये मेटाबॉलिज्म को बूस्ट कर बेहतर पाचन में मदद करते हैं और इस तरह इनका सेवन आपको कब्ज की परेशानी से राहत दिला सकता है। इसके लिए रात को सोने से पहले एक गिलास पानी में 5-6 प्रून्स को भिगोकर रख दें और सुबह खाली पेट इनका सेवन करें। आप चाहें तो इस पानी को भी पी सकते हैं। इससे आपको जल्द फायदा देखने को मिल सकता है।
ग्रेपफ्रूट
ग्रेपफ्रूट यानी चकोतरा में विटामिन सी और पोटैशियम की भरपूर मात्रा पाई जाती है, जो पाचन तंत्र को दुरुस्त रखने और शरीर से टॉक्सिक निकालने में कारगर हैं। इसके अलावा इसमें मौजूद फाइबर भी पाचन के लिए फायदेमंद है। ऐसे में ग्रेपफ्रूट को डाइट में शामिल कर कब्ज की समस्या से छुटकारा पाया जा सकता है। आप चाहें तो दोपहर के समय इस फल का सेवन कर सकते हैं।
कीवी
इन सब के अवाला आप कीवी को अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। इस छोटे से फल में भी सॉल्यूबल और इनसॉल्यूबल फाइबर दोनों ही पाए जाते हैं। इसके अलावा कीवी में एक्टिनिडिन नामक एंजाइम भी मौजूद होता है, जो प्रोटीन को तोड़ने में मदद करता है और मल त्याग में सहायता करता है।
इस तरह इन 3 फलों को डाइट का हिस्सा बनाकर आप कब्ज की परेशानी से काफी हद तक निजात पा सकते हैं।
Disclaimer: आर्टिकल में लिखी गई सलाह और सुझाव सिर्फ सामान्य जानकारी है। किसी भी प्रकार की समस्या या सवाल के लिए डॉक्टर से जरूर परामर्श करें।