जामुन एक ऐसा फल जो गर्मियों के मौसम से लेकर बारिश के दिनों में खूब पसंद किया जाता है। जामुन स्वाद में जितना लाजवाब है, उतना ही सेहत के लिए फायदेमंद भी माना जाता है। यह फल ब्लड शुगर कंट्रोल, पाचन सुधार और इम्यूनिटी बूस्ट करने के साथ-साथ कई बीमारियों से बचाव करता है, लेकिन कुछ फल ऐसे भी होते हैं जो एक साथ खाने पर सेहत को फायदे की जगह नुकसान पहुंचा सकते हैं। ऐसा ही जामुन के साथ भी है, क्योंकि जामुन की तासीर ठंडी होती है और इसे कुछ खास फलों के साथ कभी नहीं खाना चाहिए। दिल्ली स्थिति अजय आयुर्वेद क्लिनिक के आयुर्वेदाचार्य डॉ. अजय पाल ने बताया कि जामुन को किन फलों के साथ नहीं खाना चाहिए और ऐसा नहीं करने पर सेहत को क्या नुकसान हो सकता है।
आयुर्वेदाचार्य डॉ. अजय पाल के मुताबिक, जामुन के साथ कुछ खास फलों का सेवन करने से शरीर को लाभ की जगह नुकसान भी हो सकता है। एक्सपर्ट्स के अनुसार, कुछ फल ऐसे होते हैं, जो जामुन के साथ मिलकर शरीर में एसिड-बैलेंस को बिगाड़ सकते हैं, जिससे पाचन तंत्र पर असर पड़ता है और गैस, एसिडिटी, डायरिया और अन्य कई समस्या का खतरा बढ़ा सकते हैं।
संतरा
जामुन और संतरा दोनों फल एक साथ कभी भी नहीं खाने चाहिए। संतरा विटामिन C से भरपूर होता है, लेकिन यह साइट्रिक एसिड में भी ज्यादा होता है। जामुन और संतरे दोनों का साथ सेवन पेट में तेज एसिड रिएक्शन पैदा कर सकता है। इन दोनों को एक साथ खाने से सेहत बिगड़ सकती है। इससे एसिडिटी, जलन और पेट दर्द जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
अनानास
अनानास और जामुन भी ऐसे फल हैं, जो भूलकर भी एक साथ नहीं खाने चाहिए। अनानास एक एंजाइम ब्रोमेलिन से भरपूर होता है, जो पाचन में मदद करता है, लेकिन जामुन के साथ खाने पर इसका उल्टा असर हो सकता है। यह दोनों फल मिलकर अतिरिक्त अम्लीय वातावरण बना देते हैं, जिससे गैस और पेट फूलने की दिक्कत बढ़ जाती है।
केला
केला सेहत के फायदेमंद जरूर होता है, लेकिन जामुन के साथ केला खाना हानिकारक हो सकता है। केला और जामुन की प्रकृति एक-दूसरे से विपरीत है। केला भारी और कफ बढ़ाने वाला होता है, जबकि जामुन शीतल और कसैला। ऐसे में अगर दोनों को एक साथ खाया जाए तो पाचन गड़बड़ा सकता है। इससे कब्ज, अपच और पेट दर्द की समस्या हो सकती है।
पपीता
पपीता लिवर और पाचन के लिए बहुत लाभकारी होता है। पपीता एंजाइम्स से भरपूर होता है और लिवर व पाचन के लिए अच्छा है, लेकिन जामुन के साथ लेने पर यह दोनों फल अल्कलाइन और एसिडिक मिश्रण बना सकते हैं। इन दोनों को एक साथ खाने से गैस्ट्रिक इरिटेशन और डायरिया की समस्या हो सकती है। इसके अलावा ये शरीर में पोषक तत्वों का अवशोषण भी बिगड़ सकता है।
आम
गर्मियों में आम और जामुन दोनों खूब खाए जाते हैं, लेकिन दोनों का स्वभाव और पोषण गुण अलग हैं। आम गर्म और भारी होता है, जबकि जामुन ठंडा और हल्का हो सकता है। इन दोनों को एक साथ खाने से पाचन में रुकावट, त्वचा पर रैशेज और कभी-कभी एलर्जी भी हो सकती है।
इसके अलावा रसोई में रखी कई ऐसी चीजें है जिससे कोलेस्ट्रॉल को खत्म किया जा सकता है। कोलेस्ट्रॉल को खत्म करने के लिए तिल के बीज बहुत ही फायदेमंद होते हैं।
