सावन का माह न सिर्फ भक्ति के लिए प्रसिद्ध है, बल्कि सावन के माह में हरियाली और ठंडी-ठंडी फुहारों की छवि भी लोगों के मन में बनने लगती है, क्योंकि सावन के आते ही गर्मी से राहत मिलने लगती है। सावन का महीना भगवान शिव का प्रिय माह माना जाता है। इस माह में भोलेनाथ की पूजा-अर्चना की जाती है और हिंदू धर्म में इस महा का बहुत महत्व होता है। इस दौरान शिव भक्त व्रत भी रखते हैं, लेकिन सावन सेहत के लिहाज से काफी संवेदनशील होता है। क्योंकि, बारिश के चलते नमी बढ़ जाती है और संक्रमण का खतरा अधिक बढ़ जाता है। जिसका असर पाचन तंत्र से लेकर शरीर के अन्य अंगों पर पड़ता है। ऐसे में खानपान के साथ-साथ कुछ चीजों का ध्यान रखना बीमारियों से बचाव कर सकता है।
डायटिशियन पूजा के मुताबिक, सावन के मौसम में पहले से ही पाचन तंत्र कमजोर होता है, ऐसे खानपान का ध्यान रखना बहुत आवश्यक है। कुछ फूड कॉम्बिनेशन सेहत के लिए नुकसानदेह हो सकते हैं। उन्होंने ऐसी ही कुछ चीजें बताई हैं, जिनका सेवन दूध के साथ नहीं करना चाहिए।
खट्टे फल
दूध के साथ खट्टे फलों के सेवन से हमेशा दूरी बनानी चाहिए। संतरे, नींबू और अंगूर जैसे खट्टे फल अम्लीय होते हैं, इसलिए ये दूध में दही जमने, अपच और पेट फूलने का कारण बनते हैं। इनकी एसिडिटी दूध के प्रोटीन के साथ प्रतिक्रिया करके उसे पेट में जमा देती है, जिससे पाचन तंत्र प्रभावित हो सकता है।
केले
स्मूदी में केले और दूध का मिश्रण आम है, आयुर्वेद का मानना है कि यह मिश्रण पाचन क्रिया को धीमा कर देता है और शरीर में विषाक्त पदार्थ पैदा करता है। संवेदनशील पेट वालों को यह भारीपन और बेचैनी का कारण बन सकता है।
दही
दूध और दही दोनों डेयरी प्रोडक्ट्स हैं, लेकिन इन दोनों को एक साथ खाने से बचना चाहिए। दूध और दही का एक साथ सेवन स्वास्थ्य के लिए बहुत हानिकारक हो सकता है। इन्हें साथ खाने से अपच और एसिडिटी की समस्या हो सकती है। इससे शरीर में बलगम बनने की संभावना बढ़ सकती है।
तरबूज और खरबूजा
तरबूज और खरबूजा हाइड्रेटिंग फल है। खरबूजे के साथ दूध लेने पर पेट में किण्वन होने लगता है, जिससे गैस और पेट फूलने की समस्या होती है। दूध का भारी पाचन, खरबूजे के पाचन की तेज गति के साथ मेल नहीं खाता, जिससे पाचन तंत्र गड़बड़ा जाता है।
मूली या मूली के पत्ते
मूली और दूध एक साथ खाने से शरीर पर जहर की तरह असर हो सकता है। मूली की प्रकृति भी गर्म होती है, जबकि दूध ठंडा होता है। इन दोनों को मिलाने से शरीर में एलर्जी, चकत्ते, त्वचा पर सफेद दाग (व्हाइट पैचेस) और यहां तक कि सांस संबंधी समस्याएं हो सकती हैं। कुछ लोग मूली का पराठा खाने के बाद दूध पी लेते हैं, जो सेहत के लिए खतरा बन सकता है। इन दोनों फूड को कॉम्बिनेशन करके खाने से पाचन से जुड़ी परेशानियां बढ़ने लगती हैं।
वहीं, एम्स के पूर्व कंसल्टेंट और साओल हार्ट सेंटर के फाउंडर एंड डायरेक्टर डॉ. बिमल झाजर ने बताया अगर आपका कोलेस्ट्रॉल हाई है तो आप एनिमल फूड्स का सेवन करने से परहेज करें।