Diabetes Patients Diet: डायबिटीज एक जीवन शैली से जुड़ा रोग है जो शरीर में मौजूद इंसुलिन हार्मोन के स्तर को प्रभावित करता है। इस रोग से ग्रस्त मरीजों के शरीर में ग्लूकोज का स्तर ठीक बना रहे इसलिए अक्सर मरीज मीठा खाने से परहेज करते हैं। शारीरिक सक्रियता, व्यायाम और स्वस्थ खानपान ही शरीर में ब्लड शुगर को नियंत्रण में रखने में मदद करता है। इसलिए मरीजों को अपने दिनचर्या का खास ख्याल रखना पड़ता है। आमतौर पर फल किसी भी व्यक्ति की सेहत को बेहतर ही करते हैं, मगर डायबिटीज रोगियों के लिए कुछ फलों का सेवन खतरनाक साबित हो सकता है। आइए जानते हैं कि इन मरीजों को कौन-से फलों को खाने से बचना चाहिए –
चीकू: मधुमेह रोगियों को एक्सपर्ट्स उन फूड आइटम्स को डाइट में शामिल करने की सलाह देते हैं जिनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स लो से मीडियम होता है। ऐसा नहीं करने पर कुछ भी खाने के बाद खून में ब्लड शुगर की मात्रा अचानक काफी तेजी से बढ़ जाती है। चीकू का ग्लाइसेमिक इंडेक्स ज्यादा होता है, इसके अधिक सेवन से डायबिटीज मरीजों की परेशानी बढ़ सकती है। इस फल में नैचुरल शुगर मौजूद होता है जो मरीजों के लिए नुकसानदेह है। चीकू में कैलोरीज भी ज्यादा होती हैं इसलिए इसे खाने से बचना चाहिए।
अनानास: अनानास में ग्लाइसेमिक इंडेक्स का स्तर मध्यम होता है, ऐसे में इसके सेवन से बचना चाहिए। ताजा अनानास का जीआई 59 के करीब होता है। इसके अधिक सेवन से ब्लड में ग्लूकोज की मात्रा बढ़ जाती है। हालांकि, फल के मुकाबले अनानास का जूस अधिक खतरनाक साबित हो सकता है।
आम: डायबिटीज के मरीजों को आम खाने से बचना चाहिए वरना उनका ब्लड शुगर लेवल बढ़ सकता है जिसके कारण हृदय रोग या फिर स्ट्रोक का खतरा बढ़ सकता है। आम में नैचुरल शुगर मौजूद होता है, जानकारों की मानें तो लगभग 100 ग्राम आम में लगभग 14 ग्राम चीनी की मात्रा होती है, जिससे ब्लड शुगर का संतुलन बिगड़ सकता है।
अंगूर: अंगूर भी नैचुरल शुगर होने के कारण डायबिटीज के मरीजों के लिए खतरनाक हो सकता है। करीब 100 ग्राम अंगूर में 16 ग्राम शुगर मौजूद होता है। इसलिए अंगूर के सेवन से बचना चाहिए।